विद्यार्थियों को देंगे वैज्ञानिक प्रतिभा विकसित करने का अवसर : हेमचंद्र

--रानी रेवती देवी में क्षेत्रीय विज्ञान एवं वैदिक गणित योजना बैठक

प्रयागराज, 01 मई (हि.स.)। हमें विद्यार्थियों में वैज्ञानिक प्रतिभा विकसित करने का अवसर प्रदान करना है। ‘विज्ञान का समाज विकास के साथ सम्बंध’ इस विषय को बच्चों के ध्यान में लाने तथा उन्हें यह अनुभव करने के लिए की वे कल के वैज्ञानिक हैं तथा बच्चों में उनके द्वारा तैयार किए जाने वाले प्रदर्शों के माध्यम से रचनात्मक अन्वेषण एवं संश्लेषण की क्षमता को विकसित करना है।

उक्त विचार विद्या भारती से सम्बद्ध काशी प्रांत के रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर में दो दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान एवं वैदिक गणित योजना बैठक का शुभारम्भ करते हुए क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचंद्र ने व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों में चुनौतियों का हल ढूंढने की प्रवृत्ति का विकास करना विशेष रूप से ग्रामीण विकास की दृष्टि से तथा दैनिक जीवन के विकास में विज्ञान एवं तकनीकी के प्रयोग की दृष्टि से समाज में विज्ञान एवं वैज्ञानिक सोच को लोकप्रिय करना तथा बच्चों को भारत के गौरवशाली संस्कृति का ज्ञान करवाने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है।

विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं संगीताचार्य मनोज गुप्ता ने बताया कि प्रधानाचार्य एवं क्षेत्रीय विज्ञान प्रमुख बांके बिहारी पांडे के संयोजन तथा क्षेत्रीय संगठन मंत्री हेमचंद्र के मार्गदर्शन से हुआ। बैठक में सत्र 2023-24 के विज्ञान-वैदिक गणित के परिणाम की समीक्षा, सत्र 2024-25 के विज्ञान-वैदिक गणित के पाठ्यक्रम, विज्ञान सप्ताह एवं वैदिक गणित में होने वाले कार्यक्रम, विज्ञान प्रयोगशाला एवं गणित प्रयोगशाला तथा ए.टी.एल पर चर्चा के लिए यह बैठक आयोजित की गई है। जिसमें पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी प्रांतीय समितियां के विज्ञान एवं वैदिक गणित के प्रांत प्रमुख, सह प्रमुख तथा क्षेत्रीय प्रमुख सहित 30 प्रतिभागी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रांतीय संगठन मंत्री डॉ राम मनोहर, प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी, विजय उपाध्याय, सुमंत पांडे, क्षेत्रीय वैदिक गणित प्रमुख संतोष कुमार सिंह, सह प्रमुख श्याम मनोहर शुक्ला, नीरज शुक्ला, अवधेश मिश्रा, बलवंत सिंह, हरिकिशुन गिरी, अनुज कुमार सिंह सहित सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/सियाराम

   

सम्बंधित खबर