मोदी के हाथों को मजबूत करने के साथ एक बार फिर स्थिर केन्द्र सरकार देनी है: केशव प्रसाद मौर्य

गिरिडीह, 2 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि झारखंड में एनडीए 14 की 14 सीटों पर जीत दर्ज करेगा। ऐसे ही उत्तर प्रदेश में भी 80 की 80 सीट नरेन्द्र मोदी की झोली में डालने का काम करेंगे।

केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को कोडरमा लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अन्नपूर्णा देवी और गांडेय विधानसभा सीट से उम्मीदवार दिलीप कुमार वर्मा के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में नरेन्द्र मोदी का डंका बज रहा है। मौर्य ने कहा कि मोदी ओबीसी वर्ग से आते हैं और उन्होंने 10 साल देश की खूब सेवा की है। उन्होंने वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा ने कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, अयोध्या में राम मंदिर बनने का वादा किया था, उसे मोदी सरकार ने पूरा कर दिया। अब बारी जनता की है। इसके लिए नरेन्द्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने 60 वर्ष में देश को बर्बाद करने और लूटने का काम किया है।सबका साथ और सब का विकास करने का काम सिर्फ नरेन्द मोदी ने किया। विपक्ष के पास न नेता है, न नीति है, न मुद्दा है। विपक्ष सिर्फ मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करती है। वह भी इसलिए करती है क्योंकि मोदी गरीब घर से आते हैं, चायवाला के बेटा हैं। केशव ने कहा कि मोदी 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने में लगे हैं इसके लिए सभी का साथ जरूरी है।

उन्होंने कहा इस बार लोकसभा चुनाव में झारखंड से सभी 14 सीटें और देश में चार सौ अधिक सीटें लाकर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने जनता आतुर है। मौर्य ने कहा कि जिन्हें देश के संविधान की जानकारी नहीं, वो चले हैं संविधान बचाने। उन्होंने कहा कि 56 इंच की छाती वाले प्रधानमंत्री ने जो कर दिखाया, उसे करने वाला इंडी गठबंधन में कोई नेता नहीं हैं। मौर्य ने कहा कि 56 इंच की छाती होनी चाहिए, देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए।

गुरुवार को भाजपा के दो दिग्गज उम्मीदवार कोडरमा लोकसभा सीट से अन्नपूर्णा देवी और गांडेय विधानसभा सीट से दिलीप कुमार वर्मा ने पर्चा दाखिल किया।

हिन्दुस्थान समाचार/वंदना/सुनील

   

सम्बंधित खबर