कैथल: पार्षद व उसके पिता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घायल डेरी संचालक ने शुरू किया धरना

पार्षद के पिता ने सुपारी देकर डेरी संचालक पर करवाया था हमला, पुलिस कर चुकी है पांच बदमाशों को गिरफ्तार

कैथल, 1 जुलाई (हि.स. )। बालाजी कॉलोनी में बदमाशों द्वारा हमला करवाने के आरोपी पार्षद व उसके पिता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घायल डेरी संचालक ने सोमवार को महाराजा अग्रसेन चौक पर धरना शुरू कर दिया। रविवार को प्रवीण ने आरोपी विनोद कठवाड़ के खिलाफ ब्राह्मण धर्मशाला में पंचायत का भी आयोजन किया था।

विनोद की फोटो हाथ में लिए धरने पर बैठे घायल डेरी संचालक प्रवीण ने बताया कि उसे पर हमला करने वाले पांच आरोपियों को सीआईए वन ने गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांड के दौरान गिरफ्तार किए गए बदमाशों ने बताया था कि उनको हमला करने के लिए विनोद ने 3 लाख रुपए में सुपारी दी थी। 5 दिन के बाद भी पुलिस अभी तक दोनों बाप बेटों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उनके परिजन दोनों की गिरफ्तारी को लेकर कई बार पुलिस अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन ही मिलता है। इस पूरे प्रकरण में एक पुलिस वाला उनकी मदद कर रहा है। पुलिस दोनों आरोपियों को अग्रिम जमानत करवाने के लिए वक्त दे रही है। अगर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो उसके साथ धरने पर उसके परिवार के लोग भी बैठेंगे। सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि विनोद को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम

लगी हुई है। पीड़ित पक्ष के लोगों को पूरी पुलिस कार्रवाई से अवगत करवाया जा रहा है। विनोद को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है किबालाजी कॉलोनी निवासी प्रवीन शर्मा व उसकी पत्नी पर 24 जून को दूध की डेरी में पांच बदमाशों ने हमला कर दिया था। हमले में दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। पुलिस ने वारदात में शामिल पांचों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार बदमाशों ने बताया था कि उन्हें विनोद कठवाड़ ने रुपए देकर हमला करवाया था। उसके बाद से पुलिस विनोद की तलाश कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/नरेश /संजीव

   

सम्बंधित खबर