रकीबुल हुसैन के हारने पर पद त्याग करेंगे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

गुवाहाटी, 08 मई (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन बोरा ने कहा है कि यदि धुबड़ी लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार रकीबुल हुसैन चुनाव हार जाएंगे तो वे (भूपेन बोरा) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे देंगे। कांग्रेस अध्यक्ष बोरा आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जिस प्रकार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से लेकर नेताओं तक ने एड़ी-चोटी की ताकत लगाकर कार्य किया है, उसके लिए वे सभी धन्यवाद् के पात्र हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने निष्पक्ष रूप से समाचार प्रकाशित और प्रसारित करने के लिए असम की मीडिया को भी धन्यवाद् दिया। उन्होंने कहा कि असम की मीडिया पूरी तरह निष्पक्ष होकर कार्य कर रही है।

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि असम में विपक्षी दलों द्वारा कांग्रेस के नेतृत्व में बनाए गए विरोधी ऐक्य मंच के सभी घटक दलों ने पूरी ताकत के साथ चुनाव के दौरान एकजुटता दिखाई। उन्होंने कहा कि गठबंधन के तीन घटक दलों ने इस दौरान गठबंधन के नियमों को तोड़ा। बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने चुनाव कार्य में लगे सभी कर्मचारियों, पदाधिकारियों, सुरक्षा बलों आदि को धन्यवाद् दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर