भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर होंगे अभिषेक-महाआरती-शोभायात्रा के आयोजन

जयपुर, 9 मई (हि.स.)। शस्त्र और शास्त्र के परम ज्ञाता चिंरजीवी भगवान परशुराम जी का जन्मोत्सव शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर राजधानी में विविध आयोजन होंगे। इसमें भगवान परशुराम जी का अभिषेक, महाआरती, शोभायात्रा, रक्तदान शिविर, सम्मान समारोह, भामाशाहों का सम्मान प्रमुख हैं।

मुख्य आयोजन विद्याधर नगर के भगवान परशुराम सर्किल पर होगा। परशुराम जन्मोत्सव पर शुक्रवार को ब्राह्मण समाज के संत-महंत, विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के पदाधिकारी, राजनेता, अधिकारी, समाजसेवी शाम छह बजे सामूहिक रूप से सैंकड़ों दीपक प्रज्जवलित कर भगवान परशुराम जी की महाआरती उतारेंगे। इससे पूर्व सुबह परशुराम जी की पूजा-अर्चना, अभिषेक और हवन होगा। इसके बाद जयकारों के साथ भगवान परशुराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में हाथी , ऊंट, घोड़े, बैंड का लवाजमा रहेगा। युवा वाहन रैली के रूप में साथ चलेंगे। वहीं मातृशक्ति एक ही वेशभूषा में मंगल गीत गाती हुईं चलेंगी। सभी लोग हाथ में भगवान परशुराम जी का भगवा ध्वज लेकर चलेंगे। जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा और आरती उतार कर स्वागत किया जाएगा। रंगीन आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी। अल्का सिनेमा, रोड नम्बर दो, लाल डिब्बा चौराहा, मुरलीपुरा सर्किल, केडिया पैलेस चौराहा होते हुए शोभायात्रा रामेश्वरधाम स्थित गौड़ विप्र समाज भवन पहुंचेगी। यहां भगवान परशुराम जी की आरती उतारी जाएगी। गुरुवार को गौड़ विप्र समाज भवन में महाआरती और शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।

राजस्थान ब्राह्मण महासभा: विद्याधनगर के सेक्टर चार स्थित परशुराम भवन में राजस्थान ब्राह्मण महासभा की ओर से शुक्रवार सुबह अभिषेक और पूजा कर आरती की जाएगी। वहीं, जयपुर महानगर की ओर से भगवान परशुराम का जन्म महोत्सव सी स्कीम स्थित योग निलमयम में मनाया जाएगा। महासभा की अन्य इकाइयों की ओर से भी जयंती पर पूजा-अर्चना सहित अनेक आयोजन होंगे।

विप्र फाउंडेशन जोन-एक: विप्र फाउंडेशन की ओर से परशुराम जन्मोत्सव पर कई आयोजन होंगे। अक्षय तृतीया, 10 मई को मानसरोवर स्थित विप्र फाउंडेशन के भवन परशुराम शक्ति पीठ में महाआरती और महाप्रसादी होगी। विप्र फाउंडेशन जोन 1 के प्रदेशाध्यक्ष राजेश कर्नल ने बताया कि 9 मई को जयपुर जिला टीम की ओर से सुबह अक्षरधाम मंदिर, जगतपुरा में गौ पूजन किया गया। जबकि शाम को विप्र युवा की ओर से विप्र आइकॉन अवार्ड सम्मान समारोह का आयोजन मानसरोवर स्थित श्री परशुराम शक्ति पीठ में किया गया।

ग्यारह सौ दीपकों से होगी महाआरती: अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की ओर से परशुराम जयंती पर आगरा रोड सहित कई अन्य स्थानों पर महाआरती की जाएगी। प्रदेश संगठन महामंत्री जगन्निधि जत्ती ने बताया कि महेशनगर और आगरा रोड पर भगवान परशुराम की 1100 दीपों से महाआरती की जाएगी।

जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर जगमगाया परशुराम सर्किल: सर्व ब्राह्मण महासभा की ओर से भगवान परशुराम जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर गुरुवार को रेलवे स्टेशन के सामने स्थित भगवान परशुराम सर्किल पर दीपदान किया गया। बड़ी संख्या में बच्चों ने दीपदान किया। सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने धर्मपत्नी नीलम मिश्रा के साथ भगवान का पूजन किया। विद्वान पंडितों ने मंत्रोच्चार किया। मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को सर्किल पर भगवान परशुराम जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर