छात्रों ने जन-जन को बताया जंगल का महत्व, वनों के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

- स्कूली छात्रों व एनसीसी कैडेटों ने निकाली जनजागरूकता रैली

- धामी सरकार के कार्यों की सराहना, लोगों से आगे आने का आह्वान

देहरादून, 11 मई (हि.स.)। आदर्श औद्योगिक स्वायत्ता सहकारिता मिस्सरवाला (डोईवाला) देहरादून की ओर से शनिवार को वनाग्नि, वन्य जीव जन्तुओं की सुरक्षा व पर्यावरण संरक्षण को लेकर गांधी पार्क देहरादून से जन जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली के माध्यम से विभिन्न स्कूली विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व एनसीसी कैडेटों ने जन-जन को वनों में लगने वाली आग की रोकथाम व वन्य जीव जंतुओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इससे पहले अवस्थापना अनुश्रवण परिषद उत्तराखंड के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर ने रैली को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता लाकर ही वनों के साथ पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सकता है। युवाओं को भी इस दिशा में आगे बढ़कर कार्य करना होगा। प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून नीरज कुमार शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

आदर्श संस्था की अध्यक्ष आशा कोठारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार अच्छा कार्य कर रही है। उन्होंने सरकार के प्रयासों की सराहना की। वहीं शासन-प्रशासन की ओर से वनाग्नि की रोकथाम की दिशा में किए गए प्रयासों के अलावा आमजन से वनों को आग से बचाने व वन्य जीवों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इस दौरान रेंजर मालसी श्रुची चौहान, सचिव हरीश कोठारी, समाजसेवी गिरीश भट्ट, मनीष नारग, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रकाश कोठारी आदि थे।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/रामानुज

   

सम्बंधित खबर