अधिशासी अधिकारी से अभद्रता की शिकायत पर पुलिस ने नहीं की कार्रवाई

हरिद्वार, 11 मई (हि.स.)। भाजपा शिवालिक नगर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्ट्रीट लाइट को लेकर शिवालिक नगर पालिका कैंपस में जमकर उत्पात मचाया। कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार के साथ गाली गलौज करते हुए धक्का मुक्की की। उन्होंने बीच बचाव में आईं महिला कर्मचारियों को भी नहीं बख्शा। पुलिस ने पीड़ित लोगों की लिखित शिकायत के बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।

इन दिनों नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य चल रहा है। गुरुवार को देर रात शिवालिक नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी की अगुवाई में भाजपा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लामबंद हो कर शिवालिकनगर नगर पालिका कैंपस जा पहुंचे। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को लेकर अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार से अभद्रता शुरू कर दी।

ईओ ने जब उन्हें रोकना चाहा तब उनके साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का मुक्की की गई। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने बीच बचाव में आई महिला कर्मचारियों से भी अभद्रता की। सिक्योरिटी गार्ड के साथ भी हाथापाई की गई। पुलिस के पहुंचने पर कार्यकर्ता वहां से निकल लिए।

पूरे घटनाक्रम को लेकर कर्मचारियों ने रानीपुर कोतवाली में मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अंशुल शर्मा, देव विख्यात भाटी, गौरव गुर्जर, वेदांत चौहान समेत अज्ञात भाजपा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ लिखित में शिकायत दी, परन्तु आज तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस इस मामले में जांच जारी होने की बात कह रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/सत्यवान/रामानुज

   

सम्बंधित खबर