यह चुनाव सशक्त राष्ट्र निर्माण व विकसित भारत के संकल्प का है : नीरज त्रिपाठी

प्रयागराज, 13 मई (हि.स.)। इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी ने आज मेजा, बारा और करछना विधानसभा में व्यापक जनसम्पर्क करते हुए किसान मोर्चा सम्मेलन में जनसंवाद किया। नीरज त्रिपाठी ने कहा कि ये चुनाव सरकार बनाने का ही नहीं बल्कि सशक्त राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प का है। मोदी-योगी की डबल इंजन सरकार पुनः सत्ता में काबिज होने जा रही है और किसी भी अपराधी और भ्रष्टाचारी को बक्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के नाकाम नेताओं ने जनसेवा की जगह आज तक भ्रष्टाचार सेवा के सिवाय और किया ही क्या है। चोर चोर मौसेरे भाई, एकजुट होकर सिर्फ जेल जाने से बचने के लिये एक हैं। एनडीए गठबंधन का नेता कौन बड़ा भ्रष्टाचारी होगा ये भविष्य की गर्त में है। आज चौथे चरण का चुनाव है और पूरे देश में भगवा माहौल है। निश्चित रूप से अबकी बार चार सौ पार का लक्ष्य पूरा होगा।

सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने मुट्ठीगंज, चौक, साउथ मलाका, बलुआ घाट, लेबर चौराहा नैनी एवं खरकौनी में जनसंवाद कर मोदीजी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। महापौर गणेश केशरवानी और पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने अनेक शक्ति केन्द्र पर बैठक लेकर बूथ स्तर तक की तैयारियों का जायजा लेकर आगामी तैयारियों हेतु कार्ययोजना से अवगत कराया।

पूर्व विधायक नीलम करवरिया ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा सुरक्षित महसूस किया। युवाओं, महिलाओं, किसानों, व्यापारियों सभी के हित में सरकार ने काम किया है। आप सभी 25 मई को अपने परिवार पड़ोसी और गांव के एक-एक घर की कुंडी खट खटाकर वोट के लिये बूथ पर जाकर कमल का बटन दबाना है और तीसरी बार मोदीजी को प्रधानमंत्री बनाना है।

प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा कविता यादव त्रिपाठी ने आज नैनी, ददरी, चाका, मामा भांजा तालाब, डांडी, यादव बस्ती एवं इंदलपुर पसियाना के अलावा संत निरंकारी आश्रम मेजा में शामिल होकर अपने पति के लिये वोट मांगा। उन्होंने कहा कि नहरों सड़कों और बिजली का जाल आज सम्पूर्ण देश के दूर दराज क्षेत्र में फैल चुका है। इसी कारण विकास कार्य अबाध गति से चल रहा है। भाजपा सरकार आप सभी के आशीर्वाद से लोक कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में सफल हुई है। नारी सशक्तीकरण की दिशा में अनेक ठोस कदम उठाने के साथ ही पिछड़े और दलित वर्ग के उत्थान के लिये ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। आज प्रत्येक घरों में सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा हैं।

संसदीय मीडिया प्रभारी देवेन्द्र नाथ मिश्र ने बताया कि भाजपा प्रत्याशी और नेताओं का पूरे लोकसभा क्षेत्र में आम जनता द्वारा अभूतपूर्व स्वागत हो रहा है और नीरज त्रिपाठी के पुत्र-पुत्री, भाई और संगठन के लोग अपनी टोलियों संग गांव और शहर की गलियों की ओर निकल पड़े हैं।

कार्यक्रमों में जिलाध्यक्ष राजेन्द्र मिश्र एवं विनोद प्रजापति, लोकसभा संयोजक मनोज जायसवाल एवं संयोजक शिवदत्त पटेल, सह संयोजक बब्बूराम द्विवेदी, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, रणजीत सिंह कुशवाहा, विधानसभा प्रभारी दक्षिणी सुरेश मौर्य, संयोजक ज्ञानेश्वर शुक्ल, मुरारी लाल अग्रवाल, नवरत्न कात्याल समेत हजारों की संख्या में लोग शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर