उत्तर पूर्व हवाओं से सामान्य से कम रहा पारा, 17 मई तक 42 डिग्री करेगा पार

कानपुर, 13 मई (हि.स.)। बंगाल और अरब सागर से आ रही आर्द्र हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से कम रहा। हालांकि नमी के कारण 39 डिग्री का तापमान 43 डिग्री का एहसास करा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि रोजाना तापमान में बढ़ोत्तरी होगी और 17 मई तक 42 डिग्री पारा पार कर सकता है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि अनुमान है कि मंगलवार को कानपुर मंडल सहित गंगा के मैदानी भागों से अब पश्चिमी विछोभ भी आगे निकल गया है जिसके कारण बादल हटेंगे और असमान साफ होने से धूप खिलेगी। कानपुर मंडल के तापमान में धीरे-धीरे इजाफा होगा। हालांकि इस पूरे सप्ताह कानपुर वासियों को गर्मी से राहत मिलने के आसार बिल्कुल नहीं हैं। 17 मई तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं अरब सागर और बंगाल की खाड़ीं से आ रही आर्द्र हवाओं से 39 डिग्री का तापमान 43 डिग्री के बराबर एहसास करा रहा है। फिलहाल जो पारा कम है उसके पीछे बूंदाबांदी और पुरवाई हवा है। मंगलवार से एक बार फिर मौसम में बदलाव होने जा रहा है और तापमान बढ़ने से एक बार फिर गर्मी बढ़ने वाली है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 63 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 36 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रही जिनकी औसत गति 5.4 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में हल्के बादलों की आवाजाही बने रहने के आसार हैं किन्तु वर्षा की कोई संभावना नहीं हैं। हवाओं की गति सामान्य गति से अधिक चलने के आसार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर