फंदा लगाकर विवाहिता ने की आत्महत्या

हरिद्वार, 15 मई (हि.स.)। एक महिला ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आत्महत्या का कारण गृह कलेश बताया गया है। मामला रुड़की के आदर्शनगर क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार प्राची का विवाह करीब नौ वर्ष पूर्व आदर्शनगर निवासी राहुल के साथ हुआ था। चर्चा है कि दोनों के बीच कुछ विवाद चल रहा था और इसी के चलते प्राची पिछले दिनों अपने मायके चली गई थी। दो दिन पूर्व ही प्राची अपनी ससुराल वापस लौटी थी।

बुधवार की सुबह महिला ने दोनों बच्चों को तैयार कर स्कूल भेजा और फिर राहुल भी अपने काम पर चला गया। राहुल के माता-पिता घर में ही मौजूद थे। घर का काम करने के बाद प्राची अपने कमरे में चली गई। जब काफी देर तक वह वापस नहीं आई तो सास ने उसके कमरे में जाकर देखा। कमरे के अंदर का नजारा देख वह सन्न रह गई। कमरे में प्राची का शव पंखे से लटका हुआ था। परिजनों ने घटना की सूचना अपने पुत्र और पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। सीओ रुड़की नरेंद्र पंत का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मामले की जांच की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर