मोदी-योगी के ऊपर जनता का है आशीर्वाद: स्वतंत्र देव सिंह

सम्बोधन

-नीरज त्रिपाठी ईमानदारी के साथ विकास करेंगे यह हमारी और मोदीजी की गारंटी है: स्वतंत्र देव

-तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद राष्ट्र को और मजबूत बनाने का कार्य करेंगे : डॉ लक्ष्मण

प्रयागराज, 15 मई (हि.स.)। स्व. पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी ने पहली बार युवा मोर्चा से महामंत्री मुझे बनाया था। बिना भेदभाव के सभी को साथ लेकर चलने वाले पंडितजी के पुत्र नीरज त्रिपाठी हैं। यह आप सभी की ईमानदारी से सेवा करेंगे। जातिवाद से ऊपर उठकर सेवा करेंगे। पिछड़ों का अपमान नहीं होने देंगे, इसको मैं गारंटी से कहता हूं। सभी का विकास, सभी का सम्मान और सभी से मिलकर आपके सुख-दुख में शामिल भी होंगे।

यह बातें पिछड़ा वर्ग सामाजिक सम्मेलन के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नारीबारी सुरवल के एक गेस्ट हाउस पिछड़े समाज के उमड़े कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों से कहीं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में ऐसी स्थिति थी कि बम फटते थे, सेना के ऊपर पत्थर फेंके जाते थे, संकटमोचन काशी में एवं संसद में बम गिरते थे। 2014 के बाद एक दो बार बम गिरा तो आप सबके नेता नरेन्द्र मोदी रात भर सो नहीं पाए। जब तक पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक करके देश के दुश्मनों को उनके घर में घुसकर मारे, तब मोदीजी को नीद आईं। उन्होंने मौजूद लोगों से पूछा क्या अब बम फटते हैं? अब क्या सेना पर पत्थर फेंके जाते हैं? जबाब मिला नहीं, तो बताया कि जब कमल पर वोट देते हैं तब मोदीजी का सीना चौड़ा होता है। उन्होंने कहा कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं है। कभी कहेंगे रामसेतु नहीं है, कभी शंकराचार्य की गिरफ्तारी कराएंगे, कभी गौमाता का अपमान, इनके पास कोई एजेंडा नहीं है। मोदी योगी के ऊपर जनता का आशीर्वाद है।

मुख्य वक्ता सांसद एवं ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ के लक्ष्मण ने कहा कांग्रेस कर्नाटक में पिछड़ों का आरक्षण समाप्त कर मुसलमानों को दे रही है। इसी राह पर पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी भी चल रहीं हैं। इस बार तीसरी बार प्रधानमंत्री मोदी बनने के बाद बड़ी आर्थिक और मजबूत राष्ट्र बनाने का कार्य करेंगे। उत्तर प्रदेश प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मंत्री स्वतंत्र प्रभार एवं प्रदेश अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा नरेंद्र कश्यप ने कहा देश के 140 करोड़ जनता को परिवार मानकर सेवा करने का कार्य किया है। मोदीजी ने हिन्दुस्तान के 52 प्रतिशत पिछड़ों को ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देकर पूरे हिन्दुस्तान के पिछड़े समाज के लोगों को न्याय का मंच देने का कार्य कर दिया है।

इलाहाबाद लोकसभा उम्मीदवार नीरज त्रिपाठी ने कहा कि आने वाले 25 मई को कमल के फूल वाले बटन को दबाकर आप हमें अपना आशीर्वाद दें और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर अपने लोकसभा, प्रदेश और देश के विकास के सहभागी बने।

अहमदाबाद के विधायक हार्दिक पटेल ने कहा कि सभी अपने-अपने बूथों को मजबूत करके भाजपा प्रत्याशी को जिताकर राष्ट्र के विकास को गति देने का कार्य करें।

भाजपा मीडिया प्रभारी दिलीप चतुर्वेदी ने बताया कि इस अवसर पर विधायक बारा डॉ बाचस्पति, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद प्रजापति, लोकसभा प्रभारी मनोज जायसवाल आदि ने संबोधित किया।

संचालन काशी क्षेत्र ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अश्वनी पटेल ने किया। स्वागत जिलाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा यमुनापार सुभाष सिंह पटेल व आनन्द जायसवाल महानगर एवं आभार जिलाध्यक्ष सुभाष सिंह पटेल ने व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विद्याकान्त/आकाश

   

सम्बंधित खबर