दिव्यांगों के सशक्तिकरण के मोदी के वादे पर भरोसा: विकास शर्मा

मुंबई, 16 मई (हि. स.)। नमो दिव्यांग अभियान के राष्ट्रीय संयोजक विकास शर्मा ने गुरुवार को मुंबई में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के फैसलों से दिव्यांगों को सशक्त बनाने में काफी मदद मिली है और दिव्यांगों को लाभ हुआ है। इसलिए राज्य के दिव्यांग मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए काम कर रहे हैं।

नमो दिव्यांग अभियान के राष्ट्रीय संयोजक विकास शर्मा गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने दिव्यांगों के उत्थान के लिए शोध और संबंधित कानूनों में बदलाव की मांग को नजरअंदाज किया था, लेकिन दिव्यांगों की जायज़ मांगों पर संज्ञान लेते हुए भाजपा नीत एनडीए सरकार ने दिव्यांगों के सशक्तिकरण के लिए कई कदम उठाए है। वर्ष 2016 में दिव्यांगजन अधिकार कानून पारित कर मोदी सरकार ने विकलांगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने नकारात्मक शब्द 'विकलांग' के स्थान पर सकारात्मक शब्द 'दिव्यांग' का प्रयोग कर इस वर्ग को सम्मानित किया। शर्मा ने कहा कि इस वर्ग को हीन, दीन, दया की श्रेणी से बाहर निकालकर समाज की मुख्यधारा में लाया गया। राजनीतिक दलों के घोषणा पत्र में दिव्यांगों के लिए कोई जगह नहीं थी, लेकिन भाजपा के वर्ष 2014, वर्ष 2019 और वर्ष 2024 के घोषणापत्र में दिव्यांगों के उत्थान और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए कई वादे किए गए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री दिव्यांग आवास योजना 2024 का उद्देश्य दिव्यांगों की विशिष्ट आवश्यकताओं के अनुसार किफायती और सुलभ घर बनाना है। शर्मा ने कहा कि मोदी ने इस चुनाव में राजस्थान के चुरू लोकसभा क्षेत्र से दिव्यांग देवेन्द्र जंजारिया को उम्मीदवार बनाकर राजनीति में एक नया अध्याय लिखा है।

शर्मा ने कहा कि एनडीए सरकार सत्ता में आई तो दिव्यांगों के कल्याण के लिए संघर्ष कर रहे नमो दिव्यांग अभियान भारत को ताकत मिलेगी। दिव्यांग लोगों का मानना है कि मोदी सरकार ने दिव्यांगों के सर्वांगीण उत्थान के लिए मानवीय दृष्टिकोण से कई प्रयास और उपाय किए हैं और आगे भी करती रहेगी। शर्मा ने दिव्यांग भाई-बहनों से भी आह्वान किया कि वे मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए बड़ी संख्या में अपने घरों से निकलें और महायुति तथा भाजपा-एनडीए के उम्मीदवारों को जिताएं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग के प्रमुख नवनाथ बून व निरंजन जाधव उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/सुनील

   

सम्बंधित खबर