कैबिनेट मंत्री बोले- चारधाम से बिना दर्शन न लौटे कोई भी श्रद्धालु, व्यवस्था में सभी करें सहयोग

देहरादून, 16 मई (हि.स.)। कैबिनेट व उत्तरकाशी जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने गुरुवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के संबंध में स्थानीय प्रशासन से वार्ता की। मंत्री ने प्रशासन से कहा है कि यात्रा व्यवस्थित रहे और कोई भी श्रद्धालु बिना दर्शन कर वापस न जाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री के सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम भी वहां कैंप किए हुए हैं।

गुरुवार को जारी एक बयान में कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद ने बताया कि उनके प्रभारी जनपद उत्तरकाशी के पवित्र धाम गंगोत्री और यमुनोत्री में पिछले दिनों श्रद्धालुओं के बिना दर्शन कर लौटने की जानकारी मिली। इसका संज्ञान लेते हुए मंत्री ने स्थानीय प्रशासन से वार्ता की है। उन्होंने कहा है कि चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। ऐसे में किसी भी श्रद्धालु को बिना दर्शन कर लौटने न दिया जाए। व्यवस्थाओं में सभी लोग अपना सहयोग दें। इसके लिए मंत्री ने यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं से भी आग्रह किया है। प्रशासन के अनुसार यात्रा सुचारु रूप से चल रही है। इसी क्रम में मार्ग वन-वे किया गया है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में अव्यवस्था न फैले। इसके लिए गाड़ियों में सवार श्रद्धालुओं को भंडारा आदि की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/रामानुज

   

सम्बंधित खबर