अब्दुल्ला, मुफ्ती और गांधी-नेहरू परिवार ने आतंकवाद और हिंसा को बढ़ावा दिया : चुघ

जम्मू, 16 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरूण चुघ ने कहा है कि अब्दुल्ला, मुफ्ती और गांधी-नेहरू परिवार ने जम्मू-कश्मीर को विकास से वंचित रखा और अमन-चैन की जगह विनाश और बर्बादी दी। पुंछ जिले के सुरनकोट में भाजपा कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए चुघ ने कहा कि इन तीन परिवारों और उनकी वंशवादी पार्टियों की नजर में जम्मू-कश्मीर उन संसाधनों को लूटने का जरिया रहा है जो लोगों के विकास और प्रगति के लिए थे।

पिछले 10 वर्षों में मोदी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि एक तरफ मोदी के नेतृत्व में विकास और विश्वास है, जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस और नेकां भ्रष्टाचार और 'माफिया राज' का प्रतिनिधित्व करते हैं। आज भी, ये तीन भाई-भतीजावादी दल समृद्ध जम्मू-कश्मीर देखने की लोगों की आकांक्षाओं को कुचल रहे हैं। विपक्ष के शासनकाल में तुष्टीकरण, जातिवाद, क्षेत्रवाद, भाई-भतीजावाद के साथ-साथ धर्म के नाम पर विभाजनकारी राजनीति हुई। 2004 से 2014 तक देश में निराशा और हताशा का माहौल था। 2014 से देश की स्थिति बदली और मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत का निर्माण हुआ है।

चुघ ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंच गयी है। दुनिया की सबसे सस्ती और असरदार दवाएं भारत में बन रही हैं। पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 80 करोड़ लोगों को 5 किलो अनाज मुफ्त दिया जा रहा है। भारत के 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गये हैं तथा अत्यधिक गरीबी एक प्रतिशत से भी कम हो गयी है। आज 55 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये का वार्षिक स्वास्थ्य कवर देकर स्वस्थ भारत का निर्माण किया गया है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित मोदी सरकार भारत को भ्रष्टाचार मुक्त बना रही है, जो विपक्ष को रास नहीं आ रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान

   

सम्बंधित खबर