उग्रवादियों से मुठभेड़ में घायल केदारघाटी के सैनिक की तबियत में सुधार

गुप्तकाशी, 2 जुलाई (हि.स.)। जनपद रूद्र प्रयाग के देवशाल गांव के निवासी ओमप्रकाश की तबियत में तेजी से सुधार हो रहा है और उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।

असम राइफल्स में तैनात ओमप्रकाश गत दिनों असम में उल्फा उग्रवादियों से मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए थे। उन्हें तीन गोलियां लगी थीं। जनपद रुद्रप्रयाग के देवशाल गांव निवासी ओमप्रकाश देवशाली अपनी टुकड़ी के साथ जब अरुणाचल प्रदेश से असम की ओर आ रहे थे, तभी घात लगाकर उल्फा उग्रवादियों ने सैनिकों की टीम पर हमला बोल दिया था। इसी दौरान ओमप्रकाश देवशाली ने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला और जवाबी फायर कर उल्फा के तीन उग्रवादियों को ढेर कर दिया। इस मुठभेड़ के दौरान ओमप्रकाश के पेट, जांघ और कमर के हिस्सों में तीन गोलियां लग गई थीं।

घायल ओमप्रकाश देवशाली ने दूरभाष पर बताया कि वह अब खतरे से बाहर हैं। उनकी तबीयत में भी धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि वह जब खाद्य सामग्री के लिए अरूणाचल से असम आ रहे थे, तभी जंगलों में छिपे उल्फा उग्रवादियों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। उन्होंने बताया कि तीन-तीन गोलियां लगने के बाद वह घटनास्थल पर ही बेहोश हो गए थे। बाद में उन्हें एयरलिफ्ट करके दिल्ली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उनका ट्रीटमेंट चल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिपिन सेमवाल/सुनील

   

सम्बंधित खबर