सचिव सुंदरम पहुंचे यमुनोत्री धाम, यात्रा व्यवस्था से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर लिया फीडबैक

सचिव सुंदरम  पहुंचे यमुनोत्री धाम,यात्रा व्यवस्था से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर  लिया फीडबैक।।

-अक्टूबर के बाद यमुनोत्री यात्रा पर बड़ी बसों पर लगाई जा सकती रोक : सुंदरम

यमुनोत्री वैकल्पिक पैदल मार्ग निर्माण होगा कार्य, रोप-वे के निर्माण में लाई जाएगी तेजी

उत्तरकाशी,16 मई (हि.स.)। सचिव मुख्यमंत्री आर.मीनाक्षी सुंदरम ने गुरुवार को यमुनोत्री क्षेत्र का भ्रमण कर यात्रा व्यवस्था का जायजा लिया है। इस दौरान उन्होंने यात्रा से जुड़े विभिन्न हितधारकों के साथ यात्रा एवं यमुनोत्री क्षेत्र के विकास के बारे में विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि यमुनोत्री के लिए मास्टर प्लान बनाकर धाम में सुविधाओं के विकास के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि धामों में अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बिना पंजीकरण के यात्रा पर आने वाले लोगों को सख्ती से रोका जाएगा। साथ ही जाम की समस्या को रोकने के लिए यात्रा मार्गों पर बड़ी बसों के आवागमन को हतोत्साहित किया जाएगा।

सचिव मुख्यमंत्री सुंदरम ने आज जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट और पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी के साथ यमुनोत्री धाम और आसपास के क्षेत्रों, यात्रा मार्ग का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ ही खरसाली एवं जानकीचट्टी में यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जानकीचट्टी में मंदिर समिति के पदाधिकारियों, तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय जन-प्रतिनिधियों व यात्रा व्यवस्था से जुड़े लोगों के साथ बैठक कर यात्रा के बारे में फीडबैक लिया। साथ ही यमुनोत्री धाम क्षेत्र के विकास के बावत विस्तार से विचार-विमर्श किया। धाम के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग के निर्माण के लिए भी तेजी से कार्रवाई होगी और रोप-वे के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि धाम में हेलीपैड एवं अन्य सुविधाओं के विकास की योजनाएं तैयार की जा रही हैं।

सचिव मुख्यमंत्री ने कहा कि पालीगाड से जानकीचट्टी तक सड़क के चौड़ीकरण के लिए वनभूमि से संबंधित स्वीकृति के मामले का जल्द निस्तारण होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यात्रा में बड़े आकार की बसों के आने से संकरे मार्गों पर जाम लग रहा है, जिसे देखते हुए आगामी सितंबर-अक्टूबर माह से बड़ी बसों को यात्रा पर न आने देने का प्रयास किया जाएगा। यह कोशिश सफल रहने पर अगले साल से पूरी तरह से बडे़ वाहनों को रोकने पर विचार किया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने यमुनोत्री धाम के लिए वैकल्पिक पैदल मार्ग बनाए जाने के अत्यावश्यक बताते हुए कहा कि इसके लिए शुरूआती सर्वेक्षण की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने रोप-वे के निर्माण को जल्द पूरा करने और हैलीपैड बनाए जाने व पालीगाड से आगे के संकरे मार्ग को जल्द चौड़ीकरण किये जाने पर जोर देते हुए इस बावत प्रशासन के स्तर से उठाए गए कदमों की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि शुरूआती दिनों में अत्यधिक यात्रियों के आने के कारण कुछ समस्याएं आईं थी, लेकिन अब इन समस्याओं का समाधान कर यात्रा को सुव्यवस्थित और सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने यात्रा मार्गों पर जाम से बचने के लिए लागू किए गए ट्रैफिक प्लान की जानकारी देते हुए बताया कि सड़कों पर वाहनों का दबाव कुछ कम होते ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।

इस मौके पर यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल, पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पुरूषोत्तम उनियाल, पवन उनियाल, भरत सिंह राणा, महावीर पंवार, शरत सिंह रावत, संदीप राणा सहित क्षेत्र के अनेक जन-प्रतिनिधियों ने यात्रा व्यवस्था व धाम के विकास से जुड़े मामलों पर अनेक सुझाव रखे।

इस दौरान उप जिलाधिकारी एवं यमुनोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष मुकेश रमोला, उप जिलाधिकारी डुंडा नवाजिश खलीक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिंदुस्थान समाचार/चिरंजीव सेमवाल

/रामानुज

   

सम्बंधित खबर