लोस चुनाव : जालौन के चुनाव मैदान में अब तक उतरी सिर्फ चार महिला उम्मीदवार

लखनऊ, 17 मई (हि.स.)। आम चुनाव के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर वोटिंग होगी। इसमें एक सीट जालौन भी है। 67 सालों के संसदीय इतिहास में इस सीट से चुनाव मैदान में सिर्फ तीन महिलाएं चुनाव मैदान में उतरी हैं। उल्लेखनीय है कि 2024 के आम चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर एक महिला उम्मीदवार मैदान में है। अगर ये आंकड़ा पिछले रिकार्ड में जोड़ लिया जाए तो ये संख्या चार हो जाती है।

जालौन संसदीय सीट का इतिहास

जालौन लोकसभा सीट तीन जिलों कानपुर देहात, जालौन और झांसी को मिलाकर बनी है। यह एक सुरक्षित सीट है। 1952 और 1957 में यह सीट डबल सीट थी। इस सीट से दो सांसद चुने जाते थे। पहले और दूसरे चुनाव में क्रमश: 7 और 4 प्रत्याशी मैदान में थे। इसमें कोई महिला उम्मीदवार नहीं थी। 1952 से लेकर 1996 तक यानी 44 वर्षों तक कोई महिला प्रत्याशी इस सीट से चुनाव मैदान में नहीं उतरी।

1998 के चुनाव मैदान में उतरी महिला प्रत्याशी

12वीं लोकसभा के लिए साल 1998 में हुए आम चुनाव में इस सीट से पहली बार कोई महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरी। इस चुनाव में कुल 9 प्रत्याशी मैदान में थे, जिसमें एक महिला भी शामिल थी। कांग्रेस की टिकट पर चुनाव मैदान में उतरी बेनी बाई को 27,165 (4.47 प्रतिशत) वोट हासिल हुए। कांग्रेस प्रत्याशी चौथे स्थान पर रही। ये चुनाव भाजपा के भानु प्रताप सिंह वर्मा ने जीता था। वर्मा को 38.43 फीसदी वोट मिले थे। इस चुनाव में 53.32 फीसदी मतदान हुआ। कुल 6 लाख 8 हजार 202 वोटरों ने अपना मताधिकार का प्रयोग किया था।

2009 के आम चुनाव में 2 महिला प्रत्याशी

साल 1998 के आम चुनाव के 11 साल बाद 2009 के आम चुनाव में दो महिला प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने चुनाव मैदान में उतरी। इस चुनाव में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में थे। अपना दल प्रत्याशी प्रभा वर्मा के खाते में 2533 (0.32 प्रतिशत) वोट आए। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी भूरी देवी को 1864 (0.23 प्रतिशत) वोट हासिल हुए। ये चुनाव समाजवादी पार्टी के घनश्याम अनुरागी ने जीता था। अनुरागी को 283,023 (35.49 प्रतिशत) वोट मिले थे। 271,614 (34.05 प्रतिशत) वोट लेकर भाजपा प्रत्याशी तिलक चन्द्र अहिरवार दूसरे स्थान पर है। इस चुनाव में 47.33 फीसदी मतदान हुआ। कुल 7 लाख 97 हजार 584 वोटरों ने अपना मताधिकार का प्रयोग किया था।

2024 के चुनाव का हाल

जालौन (अ0जा0) संसदीय सीट के लिए कुल 06 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिसमें 1 महिला शामिल है। इस चुनाव में भाजपा से भानु प्रताप सिंह वर्मा, सपा से नारायण दास अहिरवार, बसपा से सुरेश चन्द्र गौतम, भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से नगेन्द्र कुमार, निर्दलीय प्रत्याशियों में प्रेमलता वर्मा, बृज मोहन हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. आशीष वशिष्ठ/राजेश

   

सम्बंधित खबर