राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर आयोजित किए जाएंगे विविध कार्यक्रम

देहरादून, 18 मई (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर रक्तदान शिविर, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण के साथ उनके योगदान की चर्चा की जाएंगी।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि स्व. राजीव गांधी ने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का जो सपना देखा था, वह साकार हुआ है। उन्होंने स्व. राजीव को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि पंचायतीराज से जुड़ी संस्थाओं की मजबूती के लिए स्व. राजीव गांधी ने देश में पंचायतीराज व्यवस्था को सशक्त किया, जिससे सत्ता के विकेंद्रीकरण और पंचायती राज व्यवस्था को सबलता मिली और पंचायत स्तर तक लोकतंत्र पहुंचा।

जोशी ने कहा कि उनके कार्यकाल में पंचायतीराज व्यवस्था का पूरा प्रस्ताव तैयार हुआ, जिसे 1992 में 73वें और 74वें संविधान संशोधन के जरिए लागू किया गया। स्व. राजीव गांधी के प्रधानमंत्रित्व काल में कांग्रेस सरकार की ओर से तैयार 64 वें संविधान संशोधन विधेयक के आधार पर 73वां संविधान संशोधन विधेयक पारित कराया। 24 अप्रैल 1993 से पूरे देश में पंचायती राज व्यवस्था लागू हुई।

उन्होंने कहा कि गांवों के गरीब परिवार के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा दिलाने के मकसद के साथ स्व. राजीव गांधी ने जवाहर नवोदय विद्यालयों की शुरुआत की। बच्चों को छह से 12 वीं तक की मुफ्त शिक्षा और हॉस्टल में रहने की सुविधा मिलती है। वर्तमान समय में देश में खुले 551 नवोदय विद्यालयों में लाखों छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। स्व. राजीव गांधी ने शिक्षा क्षेत्र में भी अहम कदम उठाए। उनकी सरकार ने 1986 में राष्ट्रीय शिक्षा नीति की घोषणा की। इसके तहत पूरे देश में उच्च शिक्षा व्यवस्था का आधुनिकीकरण और विस्तार करने की कोशिशें हुईं।

हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती/सत्यवान/रामानुज

   

सम्बंधित खबर