मकान के ऊपरी हिस्से में लगी आग, डेढ़ लाख की संपत्ति जलकर नष्ट

आग से नष्ट मकान का हिस्सा एवं जायजा लेते मुखिया महेन्द्र पासवान 

पलामू, 18 मई (हि.स.)। तरहसी थाना क्षेत्र के उदयपुरा वन गांव में शटरिंग मिस्त्री राम नारायण सिंह के मकान में शनिवार अहले सुबह आग लग गई। आग से डेढ़ लाख से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। इस घटना से पीड़ित परिवार को खाने पीने की खाद सामग्री का संकट उत्पन्न हो गया है। आय का स्रोत शटरिंग में लगने वाला पटरा करीब 700 पीस जलकर नष्ट हो गया है।

सूचना मिलने पर उदयपुर वन पंचायत के मुखिया महेंद्र पासवान ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि उनसे जितना बनेगा, आर्थिक लाभ दिलाने के लिए वह प्रयास करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि शटरिंग मिस्त्री का काम करने वाले रामनारायण के समक्ष भारी आर्थिक संकट उत्पन्न हो गयी है।

पीड़ित राम नारायण सिंह ने बताया कि घटना के वक्त वह घर पर नहीं था। उसकी पत्नी और बच्चे घर पर थे। घटना शनिवार की सुबह करीब 3 बजे हुई। आसपास के लोगों ने मकान के ऊपरी हिस्से में आग लगता देखकर शोर मचाया। उस वक्त उसकी पत्नी और बच्चे कमरे में सो रहे थे। शोर सुनकर बाहर निकले और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

राम नारायण की पत्नी सोनी देवी ने बताया कि डेढ़ लाख से अधिक की संपत्ति जलकर नष्ट हुई है। खाद्य सामग्री खासकर गेहूं, चावल, लहसुन, प्याज, आलू और करीब 700 पीस पटरा जलकर नष्ट हो गया है। उन्होंने कहा कि सारे पटरे जल जाने के कारण अब आय का स्रोत भी खत्म हो गया है। सोनी ने आवास योजना देने की गुहार लगायी।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर