भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि आयोजित

सहरसा,मई (हि.स.)। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री की पुण्यतिथि पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोहम्मद नईमुद्दीन ने की।इस अवसर पर स्व. राजीव गांधी के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित कर नमन किया गया।

अध्यक्ष मोहम्मद नईमुद्दीन ने कहा कि देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री की नृशंस हत्या किए जाने के कारण इसे उग्रवाद निरोध दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि देश के कम्प्यूटराइजेशन और टेलीकम्युनिकेशन क्रान्ति का श्रेय उन्हें जाता है। स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं को तैतीस प्रतिशत रिजर्वेशन दिलवाने का काम उन्होंने किया।साथ ही मतदाता की उम्र 21 वर्ष से कम करके 18 वर्ष तक के युवाओं को चुनाव में वोट देने का अधिकार स्व राजीव गांधी ने दिलवाया।उन्होंने पूरे देश में ग्राम सरकार की अवधारणा लागू की और पंचायतों को ज्यादा अधिकार दिए। उनका मानना था कि ग्राम पंचायतों को सत्ता में वह दर्जा मिलना चाहिए जो संसद और विधानसभा का है।

इंटक जिलाध्यक्ष सत्यनारायण चौपाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए नवोदय विद्यालय की स्थापना मिल का पत्थर साबित हुआ है।साथ ही अयोध्या में विवादित स्थल का ताला खुलवाया ऐसा कहा जाता है कि हिन्दू समुदाय की नाराजगी को कम करने के लिए वर्ष 1985 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अयोध्या के विवादित स्थल का ताला खुलवा दिया और 1989 में राम मंदिर के निर्माण के लिए शिलान्यास की इजाजत भी दे दी। तब से यह मामला राजनीतिक बन गया और राममंदिर बनाने का श्रेय भाजपा को दिया जाना न्यायोचित नही है। इस मौके पर शोभा कांत झा,मोहम्मद ग्यास उद्दीन,मनोज कुमार झा, रामकुमार, अफरोज आलम, सुभाष यादव, हरे कृष्ण कुमार, विजय गुप्ता एवं बुद्धन शर्मा सहित अन्य मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/चंदा

   

सम्बंधित खबर