अहमदाबाद : हवा की दिशा बदलने से तापमान में गिरावट, हल्की राहत

अहमदाबाद, 25 मई (हि.स.)। राज्य में हवा की दिशा बदलने से तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिम से उत्तर-पश्चिम हवा का रुख होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। पिछले 10 दिनों से राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार होने से गर्मी से लोगों का हाल-बेहाल रहा। हालांकि अब लोगों को बारिश का इंतजार है। मई के अंतिम दिनों में मौसम विभाग साइक्लोनिक असर से बारिश का अनुमान लगा रहा है।

अहमदाबाद स्थित मौसम विभाग के वैज्ञानिक रामाश्रय यादव के अनुसार साइक्लोनिक और एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन समेत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस जैसे कारणों के कारण गर्मी में बढ़ोतरी होती है। शुक्रवार को राज्य में सबसे अधिक गर्म शहर दाहोद रहा, जहां का तापमान 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि वर्ष 2016 में सर्वाधिक गर्मी पड़ी थी, तब पारा 48 डिग्री पर पहुंच गया था।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज (25 मई) से गर्मी में कमी आएगी। शुक्रवार रात अहमदाबाद में रात के तापमान में कमी आने से लोगों को राहत मिली। पिछले कई दिनों से सुबह 8 बजे का तापमान 35 डिग्री पर चला जा रहा था, वह शनिवार को 31 डिग्री दर्ज की गया। वहीं शुक्रवार रात को अहमदाबाद का तापमान 27-28 डिग्री रहा। हालांकि इसके बावजूद मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को अहमदाबाद समेत अन्य कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट दिया है। शनिवार को अहमदाबाद का अधिकतम तापमान 43 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं रात्रि के दौरान तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

जानकारी के अनुसार एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से 16 मई से हीटवेव जारी है। शुक्रवार को अहमदाबाद का अधिकतम तापमान गुरुवार से 1.1 डिग्री नीचे आकर 45.5 डिग्री रहा। वर्ष 2001 से 2024 तक के 24 साल के दौरान मई महीने में महज 6 साल ही ऐसा है जब गर्मी का पारा 44 डिग्री से ऊपर नहीं गया। इसके सिवाय 18 वर्ष हीटवेव के कारण पारा 44 से 48 डिग्री तक पहुंचा था।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर