हमीरपुर में महिला हेडमास्टर समेत छह कर्मचारी निलम्बित, तीन शिक्षा मित्र भी बर्खास्त

- पांचवें चरण के मतदान सम्पन्न कराने को पोलिंग बूथों पर लगाई गई थी ड्यूटी

- नौ मतदान कार्मिकों के ड्यूटी से नदारत रहने पर प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई

हमीरपुर, 30 मई (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के मतदान की ड्यूटी को ठेंगा दिखाने में गुरुवार को एक महिला हेडमास्टर समेत छह कर्मियों को निलम्बित किया गया है, जबकि तीन शिक्षा मित्रों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। इस कार्रवाई से कर्मियों में हड़कंप मच गया है।

सीडीओ/प्रभारी अधिकारी कार्मिक चन्द्रशेखर शुक्ला ने गुरुवार को शाम बताया कि लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के अन्तर्गत मतदान दिवस 20 मई को मतदान कार्मिक के दायित्व का निर्वहन किये जाने हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी स्तर से पार्टी संख्या 166 में पुष्पा सचान प्रधान अध्यापिका कन्या उच्चतर प्राथमिक विद्यालय पौथिया सुमेरपुर, पार्टी संख्या 212 में महिपाल सिंह सहायक अध्यापक प्राथमिक विद्यालय, देवराई का डेरा सरीला, पार्टी संख्या 307 में प्रीति सहायक अध्यापिका प्राथमिक विद्यालय सायर मौदहा, पार्टी संख्या 773 में अखिलेश कुमार यादव लिपिक नगर पंचायत सुमेरपुर, पार्टी संख्या 848 में उत्तरा देवी शिक्षामित्र प्राथमिक विद्यालय दोहरी मुस्करा, पार्टी संख्या 836 में मनोज कुमार सफाई कर्मचारी देवीगंज कुरारा, पार्टी संख्या 853 में शशिकला शिक्षामित्र प्राथमिक विद्यालय कटेहरी सरीला एवं पार्टी संख्या 882 में पुष्पेन्द्री शिक्षामित्र प्राथमिक विद्यालय दादा का तालाब गोहाण्ड की ड्यूटी लगायी गयी थी।

जिसमें इन मतदान कार्मिकों को 19 मई को मण्डी स्थल सुमेरपुर में ड्यूटी पत्र तामील कराते हुये संबंधित मतदान स्थल हेतु रवाना किया जाना था। किन्तु मतदान कर्मी स्वेच्छाचारिता अपनाते हुये ड्यूटी पत्र प्राप्त न कर मण्डी स्थल में उपस्थित नहीं हुये। जिस कारण पोलिंग पार्टी को रवाना किये जाने में अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा तथा पोलिंग पार्टी को मतदेय स्थल हेतु विलम्ब से रवाना किया जा सका। इस सम्बंध में पुष्पा सचान, महिपाल सिंह, प्रीति को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा निलंबित किया गया है। इसी तरह सफाई कर्मचारी मनोज कुमार को जिला पंचायत राज अधिकारी हमीरपुर द्वारा निलम्बित किया गया है।अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत सुमेरपुर द्वारा अखिलेश कुमार यादव लिपिक को निलम्बित करने की संस्तुति प्रदान की गयी है। साथ ही शिक्षामित्र उत्तरा देवी, शशिकला और पुष्पेन्द्री की संविदा समाप्त किये जाने के निमित्त प्रस्ताव प्रेषित किये जाने के लिये संबंधित ग्राम शिक्षा समिति व संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/मोहित

   

सम्बंधित खबर