नहर में डूबे नायब सूबेदार मनजीत सिंह का तीसरे दिन मिला शव

नहर में डूब रहे दोस्त को बचाने के चक्कर में गंवाई जान

फतेहाबाद, 2 जून (हि.स.)। जिले के टोहाना क्षेत्र में नहर में दाे दिन पहले डूबे नायब सूबेदार मनजीत सिंह का शव रविवार को भाखड़ा नहर के काजल हैड से बरामद हो गया। पुलिस ने मनजीत के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया है। कहा जा रहा है कि मनजीत ने अपने दोस्त को डूबने से बचाने के लिए नहर में छलांग लगाई थी।

टोहाना के गांव हंसेवाला निवासी मनजीत सिंह गुरुवार को जम्मू कश्मीर से घर लौटा था। हंसेवाला निवासी रघुवीर सिंह का 26 वर्षीय पुत्र मनजीत सिंह स्पोट्र्स कोटे के तहत कुछ साल पहले सेना में भर्ती हुआ था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। वह 338 मीडियम बटालियन आरटी जम्मू कश्मीर में तैनात था। शुक्रवार दोपहर को अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने के लिए गया था। नहाने के दौरान वह नहर में बह गया। उसके मित्रों ने भी कुछ नहीं बताया। परिजन जब उसकी तलाश के लिए इधर उधर जाने लगे तो उन्हें उकलाना के कुंदरपुरा हेड के पास मनजीत की चप्पलें पड़ी मिलीं। जिसके बाद परिजन व ग्रामीणों ने नहर में युवक की तलाश की। नहर में काजल हेड पर जाल भी लगाया गया था। रविवार को सुबह काजल हैड पर लगे जाल में मनजीत का शव अटका मिला। इस पर पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

मनजीत के चचेरे भाई राममेहर गिल ने बताया कि मनजीत अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए गया था। एक दोस्त पानी में डूब गया। मनजीत ने उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। मनजीत ने दोस्त को तो बचा लिया, लेकिन पानी के तेज बहाव में वह खुद बह गया। मनजीत की मां ने कहा कि वह बॉक्सर था और काफी मेडल जीत चुका था। मनजीत का एक बड़ा भाई भी है, वह खेती करता है। उसके पिता का पहले देहांत हो चुका है। मनजीत बेहद मिलनसार स्वभाव का था और देश की सेवा का जज्बा मन में होने के चलते ही वह सेना में भर्ती हुआ था।

हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/सुनील

   

सम्बंधित खबर