कांग्रेस घोटाला नही करती तो आज सबको पीने का पानी मिल रहा होता : दिलावर

गंगापुरसिटी, 2 जून (हि.स.)। जयपुर से गंगापुरसिटी पहुंचे शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर का मार्ग मे जगह जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। सबसे पहले लालसोट मे मंत्री का होता मांडना मे स्वागत किया गया। इसके बाद पिपराली, सिथोड़, गुर्जर बड़ोद, बमन बड़ोद, क्रिएटिव गर्ल्स कॉलेज और फिर पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर के निवास पर शिक्षा मंत्री दिलावर का जोरदार स्वागत किया गया। मंत्री ने सभी से एक पेड़ देश के नाम लगाने की अपील की।

इसके बाद मंत्री स्कूल शिक्षा परिवार के कार्यक्रम में शामिल हुए जहां उन्होंने अमृत पर्यावरण महोत्सव की जागरुकता के लिए पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने परिण्डे बांधने के अभियान की शुरुआत करते हुए सांकेतिक रूप से परिंडे बांटे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने पीपल का पेड़ भी लगाया। इसके बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर होटल पार्थ पहुंचे और वहां भाजपा सहित अन्य संगठनों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा की पहचान ईमानदारी है और अब जब हम सरकार में है तो हम सब कार्यकर्ताओं को अपने आपको विनम्र और सबका सहयोग करने वाला बनना होगा।

मंत्री ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने हजारों करोड़ रुपए भेज कर हर घर नल से जल योजना शुरू की थी परंतु कांग्रेस सरकार ने प्रदेश मे भ्रष्टाचार कर भारी घोटाला किया और योजना का काम नही होने दिया। वरना आज प्रदेश की जनता को पानी की परेशानी नहीं होती। परंतु अब भाजपा सरकार आ गई है। अब जांच चल रही है। शीघ्र ही कांग्रेस के नेता गोविंद सिंह डोटासरा और अन्य जेल जाएंगे।

उन्होंने उपस्थित सभी संचालकों से वृक्षारोपण कार्यक्रम में जुड़ने की अपील की। इसके बाद मंत्री दिलावर ने भगवती मैरिज पैलेस पहुंच कर कक्षा 12वीं तथा 10वीं के प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर