जींद: ...20 साल के बाद बांगर में कांग्रेस का दबदबा, जीते जयप्रकाश

जींद, 4 जून (हि.स.)। हिसार लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश जेपी की जीत की घोषणा होते हुए शहर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीजे लेकर जुलूस निकाला। डीजे पर यो जेपी सै मेरे भाईए जेपी-जेपी हो री सै गीत पर कार्यकर्ता झूमे। बाजारों में जम कर आतिशबाजी करने के साथ-साथ गुलाल उड़ा कर खुशी मनाई। दुकान-दुकान पर जाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लड्डू भी बांटे। 2004 में हिसार लोकसभा से कांग्रेस की तरफ से जयप्रकाश चुनाव जीते थे।

2004 के बाद 20 साल के बाद जयप्रकाश ने जीत दर्ज कर कांग्रेस के सूखे को समाप्त करने का काम किया है। उचाना हलके में उम्मीदों के अनुरूप जयप्रकाश को गांवों में बड़ी जीत मिली। मतगणना के एक भी राउंड में जयप्रकाश पीछे नहीं आए, बल्कि अपनी जीत को बढ़ाते रहे। दोनों पार्टियों के समर्थक अपने-अपने जानकारों से फोन पर चुनाव को लेकर जानकारी लेते रहे। जब हिसार शहर में 32 हजार के आसपास लीड भाजपा को मिलने के साथ-साथ आदमपुर से भाजपा की हार की जानकारी मिली तो भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे निराश हो गए।

बेशक सबसे अधिक सीट भाजपा ने जीती हो लेकिन कार्यकर्ताओं में कोई जोश नजर नहीं आ रहा था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह जीत नफरत पर मोहब्बत की जीत है। मतदाताओं ने नफरत को इस चुनाव में हराने का काम किया है। चुनाव में भाजपा ने विकास के नाम पर वोट नहीं मांगे बल्कि जात-पात एवं धर्म के नाम पर लोगों को बांटने का काम किया। मतदाता इस बात किसी तरह के बहकावे में आए। उचाना में रिकॉर्ड मतों से जीत जयप्रकाश की हुई है। इस चुनाव के परिणाम ने प्रदेश में आने वाली सरकार कांग्रेस की होगी ये साफ कर दिया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री के गांव में बराबर रही कांग्रेस और भाजपा

भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व केेंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के डूमरखा कलां गांव पर सबकी नजर थी। गांव में कांग्रेस, भाजपा उम्मीदवारों को बराबर के वोट मिले। कांग्रेस उम्मीदवार जयप्रकाश को 1141, भाजपा उम्मीदवार रणजीत चौटाला को 1141 मत मिले। जेजेपी उम्मीदवार नैना चौटाला को 248 एवं इनेलो उम्मीदवार सुनैना चौटाला को 93 मत मिले।

आप, कांग्रेस नेताओं के खिले चेहरे

उचाना हलके के गर्मी के मौसम में निरंतर प्रचार कर रहे कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के नेताओं के चेहरे खिले नजर आए। युवा जिलाध्यक्ष दिनेश डाहोला, पूर्व जिलाध्यक्ष बलराम कटवाल, वीरेंद्र घोघडिय़ा, दिलबाग संडील, स्वामी आदित्यवेश एवं आप के वीरेंद्र प्रधान, राजरूप छात्तर, पवन फौजी, आयुष खटकड़ लगातार हलके में मेहनत कर रहे थे। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा कि यह जीत जनता की जीत है। इस जीत ने साफ कर दिया है कि अब जो नफरत फैलाने की बात करेंगे लोग उनको पंसद नहीं करेंगे। देश में बढ़ी महंगाई, बेरोजगारी, अग्निवीर योजना को लेकर लोगों में रोष था। लोगों को मुफ्त की योजनाएं नहीं बल्कि रोजगार चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार//संजीव

   

सम्बंधित खबर