आठ शहरों में बरसे मेघ, पिलानी में दो और करौली में एक इंच बारिश

जयपुर, 7 जून (हि.स.)। प्रदेश में सक्रिय पश्चिम विक्षोभ के असर से शुक्रवार को आठ शहरों में आंधी के साथ बारिश हुई। आंधी-अंधड़ से प्रदेश में कई जगहों पर पेड़, टिनशेड, बिजली के खंभे गिरने से सहित अन्य नुकसान हुआ है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा पिलानी में दो इंच बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा करौली में एक इंच से ज्यादा बारिश हुई। बारिश के दौरान अधिकांश स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चली।

झुंझुनूं के खेतड़ी में गुरुवार देर रात आंधी के कारण पेड़ टूटकर गिरने से 11 साल की बच्ची और उसकी मां की मौत हो गई। यह परिवार बाहर खुले में सो रहा था। इसी दौरान आंधी से खेजडी के पेड़ का एक हिस्सा टूट कर गिर गया। हादसे में सावित्री देवी (45) और उसकी बेटी काजल (11) की मौत हो गई। वहीं सीकर में दीवार ढहने से एक महिला की मौत हो गई और उसका बेटा घायल हो गया। जयपुर में तेज आंधी के कारण नगर निगम हेरिटेज में लगा 30 फीट ऊंचा पुराना मोबाइल टावर गिर गया। इस दौरान मोबाइल टॉवर के आसपास कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जयपुर, भीलवाड़ा, पिलानी, सीकर, डबोक, फतेहपुर, जोधपुर, करौली, संगरिया और श्रीगंगानगर में बारिश दर्ज की गई। बारिश के दौरान तेज आंधी भी चली। जयपुर, श्रीगंगानगर और संगरिया सुबह से धूल का गुबार छाया रहा और दोपहर बाद अचानक मौसम पलटा और तेज गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पिलानी में 24.6 और करौली में 12.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से 8-9 जून को भी बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन, आंधी व हल्की बारिश के रूप में जारी रहेगा। 10 जून से कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने तथा शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

23 शहरों का पारा 40 पार, धौलपुर सबसे गर्म

प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। इससे प्रदेश के अधिकांश शहरों के पारे में गिरावट आई है। शुक्रवार को प्रदेश के 23 शहरों का पारा 40 पार दर्ज किया गया। 44.5 डिग्री के साथ धौलपुर का दिन और 32.8 डिग्री के साथ कोटा की रात सबसे गर्म रही। प्रदेश के 10 शहरों का रात का पारा 30 पार रहा। इसमें भीलवाड़ा, जयपुर, बाड़मेर, कोटा, जोधपुर,बीकानेर, धौलपुर, बारां, डूंगरपुर और जालौर शहर शामिल है।

धूल के आगोश में लिपटा रहा जयपुर, दोपहर बाद बारिश

गुरुवार रात जयपुर में चली आंधी के बाद शुक्रवार को जयपुर शहर धूल के आगोश में लिपटा रहा। सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे और कभी धीमी तो कभी तेज हवाएं चलती रही। दोपहर बाद मौसम पलटा और आंधी के साथ कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान जयपुर में 40 से 50 किमी की स्पीड़ से हवाएं चली। नगर निगम हैरिटेज में एक मोबाइल टावर भी तेज हवा के चलते गिर गया। आगामी दो दिन और जयपुर का मौसम बदला रहेगा। इस दौरान आंधी के साथ बारिश की संभावना है। जयपुर के दिन के पारे में बढ़ोतरी तो वहीं रात के पारे में गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 42.4 और न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 41.6 और न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री दर्ज किया गया था। आसमान में छाए धूल के गुबार के चलते अस्थमा के मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश मीणा/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर