खेत पर सामान्य मजदूर की तरफ काम कर रहे मंत्री खराड़ी, सीढ़ी उठाई, मजदूरों के साथ पत्थर उठाए

उदयपुर, 15 जून (हि.स.)। भजनलाल सरकार में जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी का सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर हाे रहा है। वीडियो में मंत्री खेत पर मजदूरों के साथ पत्थर उठाते और कुएं में सीढ़ी लगाते नजर आ रहे हैं। मंत्री का यह वीडियो उदयपुर के झाड़ोल में कोटड़ा के नीचला फलां गांव का है।

वीडियो शनिवार दोपहर को सोशल मीडिया पर आया। मंत्री खराड़ी खेत में कुएं पर काम करते नजर आए आ रहे हैं। लोकसभा चुनाव में संगठन से मिली जिम्मेदारी निभाने के बाद वे कुछ दिन अपने घर पर रुकेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे खेत पर काम करना अच्छा लगता है। किसान भी हूं तो ये स्वाभाविक है।

मंत्री खराड़ी एक सामान्य किसान की तरह अपने खेत के कुएं के रखरखाव में जुटे नजर आए। उनके साथ परिवार के सदस्य भी थे। वीडियो में नजर आ रहा है कि वे खेत पर सीढ़ी को हाथ में लेकर कुएं की सफाई के कार्य में जुटे हुए हैं। मानसून को देखते हुए मंत्री खराड़ी का परिवार खेत-कुएं को संभाल रहा है।

इससे पहले भी मंत्री खराड़ी का नंगे पैर नदी पार करते हुए का वीडियो खासा चर्चा में रहा था। वे भाजपा कार्यकर्ता के पिता के निधन पर पहुंचे थे। खराड़ी 12वीं, 13वीं और 15वीं विधानसभा में जीते हैं। 15वीं राजस्थान विधानसभा की अवधि में 2022 में सर्वश्रेष्ठ विधायक चुने गए थे। हायर सैकेंडरी पास खराड़ी किसान हैं। उनका घर आज भी केलुपोश (कच्चा) ही है। मंत्री खुद खेती करते हैं और उनका परिवार खेती पर ही आश्रित है। उनके पास एक ट्रैक्टर और एक स्कॉर्पियो है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर