वैवाहिक बंधन में बंधी पंजाब की कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान, हाई कोर्ट के वकील के साथ हुई शादी

चंडीगढ़, 16 जून (हि.स.)। पंजाब की कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान रविवार को शादी के बंधन में बंध गई। उन्होंने पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट के वकील शाहबाज सिंह सोही को अपना जीवन साथी चुना है। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी।

पंजाब में यह पहला मौका नहीं है, जब किसी मंत्री या विधायक ने शादी की है। इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान, कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस, गुरमीत सिंह मीत हेयर के अलावा विधायक बलजिंदर कौर समेत कई विधायक शादी के बंधन में बंध चुके हैं।

चंडीगढ़ के निकट गुरुद्वारा नाभा साहिब में अनमोल गगन मान तथा शाहबाज के रिश्तेदार मौजूद रहे। इससे पहले चंडीगढ़ के सेक्टर-39 स्थित सरकारी आवास पर मेहंदी की रस्म अदा की गई। इसके बाद नवदंपति जोड़ा जीरकपुर के एकेएम मैरिज पैलेस में पहुंचा, जहां रिसेप्शन का कार्यक्रम रखा गया था।

अनमोल गगन मान का परिवार मूल रूप से जिला मानसा का रहने वाला है। उनका ज्यादातर समय चंडीगढ़ और मोहाली में ही बीता है। मंत्री बनने से पहले वह पंजाबी गायिकी के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं। साल 2022 में खरड़ से पहली बार विधानसभा से चुनाव जीती और मान सरकार में मंत्री बन गई।

अनमोल गगन मान की शादी जिस परिवार में हुई है, वह राजनीतिक व कारोबारी परिवार रहा है। अनमोल के पति एडवोकेट शाहबाज सिंह की मां शीलम सोही राजनीति में हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, वित्त मंत्री हरपाल चीमा, पंजाब के सभी विधायकों के अलावा सरकारी अधिकारी इस शादी समारोह में पहुंचे। इसके अलावा पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री से गुग्गू गिल, सतिंदर सत्ती समेत कई गायक व अभिनेता इस शादी में पहुंचे और अनमोल गगन को बधाई दी।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनीत

   

सम्बंधित खबर