वाराणसी नगर निगम में कार्यकारिणी के लिए 06 पार्षद चुने गए,दो सपा और चार भाजपा के

वाराणसी,29 जून (हि.स.)। नगर निगम कार्यकारिणी के चुनाव में शनिवार को 06 सदस्य(पार्षद) चुने गए। इसमें दो समाजवादी पार्टी के और चार भाजपा के पार्षद हैं। सभी को आपसी सहमति से चुना गया। मैदागिन स्थित टाउनहाल में महापौर अशोक तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकारिणी चुनाव की प्रक्रिया सम्पन्न हुई। नगर निगम कार्यकारिणी के रिक्त 6 पदों पर सर्वसम्मति से चुनाव हुआ। चुनाव में सात पार्षदों ने नामांकन किया था। इनमें से एक प्रत्याशी पार्षद नगवां माधुरी सिंह ने अपना पर्चा वापस ले लिया । इसके बाद सभी छह सदस्य सपा के अमरदेव यादव,प्रमोद राय,भाजपा के नरसिंह दास, राजेश यादव चल्लू, सुशील गुप्ता, हनुमान प्रसाद निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचित सभी सदस्यों को महापौर ने बधाई दी। इस दौरान प्रदेश के राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा और एमएलसी धर्मेंद्र सिंह की भी मौजूदगी रही।

नगर निगम कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने पर नगर निगम ने लाटरी के जरिए 6 सदस्यों को सेवानिवृत्त किया था। महापौर अशोक तिवारी ने लाटरी पद्धति से 6 सदस्यों के सेवानिवृत्ति के लिए लाटरी निकाली। लाटरी में उपसभापति सुरेश कुमार चौरसिया, सिन्धु लाल सोनकर, राजेश यादव, कुसुम पटेल, प्रमोद राय तथा हारून अंसारी का नाम निकला, जिन्हें एक जून 2024 से सेवानिवृत्त किया गया। इस प्रकार कुल कार्यकारिणी के 12 सदस्यों में 6 सदस्य सेवानिवृत्त हो गये थे। इसमें सपा के दो और भाजपा के चार पार्षद रहे। नई कार्यकारिणी में प्रमोद राय सपा,भाजपा के राजेश यादव की वापसी हुई।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/सियाराम

   

सम्बंधित खबर