भाजपा नेताओं ने प्रदेश मुख्यालय में जनता की शिकायतें सुनी

जम्मू, 15 जुलाई (हि.स.)। सोमवार को जम्मू-कश्मीर भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री शाम चौधरी, पूर्व उप महापौर बलदेव सिंह बलोरिया, जम्मू-कश्मीर भाजपा उपाध्यक्ष अनुराधा सिंह चाढ़क और एसईएम रिकी महाजन ने त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय में जनता की शिकायतें सुनी। कई प्रतिनिधिमंडलों ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष बिजली, राजस्व, पानी की कमी, पेंशन, स्वच्छता और इसी तरह के अन्य मुद्दों से संबंधित अपनी समस्याएं रखीं।

लोगों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों को सुनते हुए शाम चौधरी ने कहा कि पार्टी लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी महसूस करती है कि राजनीतिक व्यवस्था लोगों की वास्तविक समस्याओं और आकांक्षाओं को संबोधित करने के लिए एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में कार्य करती है। वर्ष के 365 दिन जनता की सेवा करने के कर्तव्य को पूरा करने के लिए भाजपा ने हमेशा जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए अपने दरवाजे खुले रखे हैं। पार्टी द्वारा प्रतिदिन आयोजित किए जाने वाले शिकायत निवारण शिविर जनता की जरूरतों को पूरा करने के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

बलदेव सिंह बलोरिया ने कहा कि शिविरों ने जनता और प्रशासन के बीच संवाद का एक नया माध्यम शुरू किया है क्योंकि जनता अपनी समस्याओं को लेकर पार्टी मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बेझिझक संपर्क कर सकती है। अनुराधा सिंह चाढ़क ने आज के शिविर का ब्यौरा देते हुए बताया कि पार्टी मुख्यालय में 2 दर्जन से अधिक प्रतिनिधिमंडल अपनी समस्याएं लेकर आए थे। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने लोगों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं को तुरन्त संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष उठाया तथा कुछ मुद्दों पर लिखित संवाद भी किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा / बलवान सिंह

   

सम्बंधित खबर