सनातन धर्म के अपमान का कोई मौका नहीं छोड़ती कांग्रेस : विपिन कैंथोला

देहरादून, 10 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और उनके नेताओं पर राम मंदिर अक्षत पूजित वितरण प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप पर कहा कि कांग्रेस पार्टी सनातन धर्म के अपमान का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती है।

पार्टी मुख्यालय में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विपिन कैंथोला ने बुधवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की मानसिकता हमेशा सनातन धर्म को बदनाम करने व अपमानित करने की रही है। कांग्रेस ही नही बल्कि समूचा घमण्डिया गठबंधन आज यह पचा नही पा रहा है कि रामलाल कैसे अयोध्या में विराजमान होने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि काग्रेस पार्टी के नेता अक्षत पूजन को लेकर जिस प्रकार बाजार से चांवल और रोली आदि से अक्षत बनाने के घिनौने आरोप लगा रहे हैं, वह बेहद दुखद हैं। उनकी बातों से स्पष्ट होता है कि या तो उन्हें सनातन प्रक्रिया का ज्ञान नहीं है या फिर वे राजनैतिक कारणों से अपमान कर रहे हैं। लेकिन विपक्ष के ऐसे कुत्सित व्यवहार और साजिशों के बाद भी सनातनी समाज कभी भी अपनी पूजा पद्धति से विमुख होने वाले नही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अक्षत पूजन निमंत्रण पर कांग्रेस नेताओं के बयान उनकी सनातन विरोधी सोच को प्रदर्शित करते हैं। यह देवभूमि है और यहां रहने वाली जनता भली भांति जानती है कि सनातन पूजा पद्धति में देव पूजन अक्षत से किस प्रकार किया जाता है, जिसमें थोड़े से प्रसाद में अतिरिक्त पूज्य सामग्री मिलाने के बाद वह समूची सामग्री प्रसाद बन जाती है। उन्हें कांग्रेस की सोच में तरस आता है कि उनके नेता एक परिवार को खुश करने के लिए प्रभु राम के महोत्सव पर ही गलत बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों से देवभूमि और देशवासियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आने वाली है। रही बात सनातन विरोधी सोच रखने वाली कांग्रेसी की तो उन्हें राज्य की जनता लगातार तीसरी बार लोकसभा चुनावों में सबक सिखाने वाली है।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर