ऊंट महोत्सव शुक्रवार से बीकानेर में, धोरों में गूंजेंगे सूफी तराने

जयपुर, 11 जनवरी (हि.स.)। रेगिस्तान के जहाज को समर्पित विश्व विख्यात ऊंट महोत्सव-2024 का आयोजन 12 से 14 जनवरी तक बीकानेर में किया जाएगा। इस वर्ष ऊंट महोत्सव की थीम ‘आइकंस ऑफ़ बीकानेर’ (बीकानेर के प्रतीक) रखी गई है। यह थीम तय करने का उद्देश्य विशेष रूप से स्थानीय लोगों की कला और शिल्प कौशल को बढ़ावा देना है। तीन दिवसीय ऊंट महोत्सव का आगाज 12 जनवरी को होगा।

इस आयोजन को लेकर पर्यटन विभाग और बीकानेर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली है। महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विश्व विख्यात कलाकार विभिन्न कलाओं की शानदार प्रस्तुतियां देंगे।

संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2024 को अंतरराष्ट्रीय ऊंट वर्ष घोषित किया है। इसे ध्यान में रखते हुए पर्यटन विभाग इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय ऊंट महोत्सव पहले की तुलना में और अधिक भव्य और शानदार तरीके से आयोजित कर रहा है। देशी-विदेशी पर्यटक इस महोत्सव में ज्यादा से ज्यादा अपनी भागीदारी निभाएं इसके लिए स्थानीय कलाकार एवं अन्य सेलिब्रिटीज द्वारा ऊंट महोत्सव में पधारने की अपील के वीडियो प्रसारित किये जा रहे है। सोशल मीडिया, पर्यटन विभाग की वेबसाईट सहित विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफार्म माध्यम से प्रसारित इन वीडियोज एवं अन्य माध्यमों से पर्यटन विभाग द्वारा ऊंट महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन की ओर से इस आयोजन के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किये गये हेै। ताकि महोत्सव में शिरकत करने वाले पर्यटक यहां से सुखद एवं अविस्मरणीय यादों के साथ लौटे।

कार्यक्रम के अनुसार 12 जनवरी को महोत्सव का आगाज सुबह नौ बजे रामपुरिया हवेली से बीकाजी की टेकरी तक हेरिटेज वॉक से होगा।13 जनवरी को राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीसी) में सुबह 10 बजे से ऊंट डांस, ऊंट फर कटिंग, ऊंट श्रृंगार, ऊंट दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगितों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीई) में हॉर्स शो सहित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं शाम 4 बजे से डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आइकन्स ऑफ बीकानेर प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों में से मिस्टर बीकानेर, मिस मरवण, मिसिज़ बीकाणा और ढोला-मरवण का चुनाव किया जाएगा। 14 जनवरी को रायसर के रेगिस्तानी धोरों में सुबह 9 बजे से ग्रामीण खेलों के तहत रस्साकशी, कुश्ती, कबड्डी, खो-खो, महिला मटका रेस, टिब्बा रेस (भारतीय और विदेशी पर्यटकों के बीच) सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसी दौरान भारतीय परंपराओं से विदेशी पर्यटकों का विवाह और विदेशी पर्यटकों के लिए पगड़ी बांधने की प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। शाम को रायसर के रेगिस्तानी धोरों में सांस्कृतिक कार्यक्रम पुष्पांजलि के तहत सेलिब्रिटी नाइट का आयोजन किया जाएगा। सेलिब्रिटी नाइट में भारतीय पॉप और लोक संगीत का मिश्रण देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में अग्नि नृत्य के साथ- साथ सेलिब्रिटी सुल्ताना (नूरा सिस्टर्स) और रेणुका पंवार अपनी कला की शानदार प्रस्तुतियां देेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर