श्री रामलला के अभिषेक के लिए उत्तराखंड के समस्त तीर्थों का जल अयोध्या रवाना

हरिद्वार, 12 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में श्री रामलला के अभिषेक के लिए जूना अखाड़े के नागा संन्यासियों का जत्था उत्तराखंड के समस्त तीर्थों के जल तथा हरिद्वार से पतित पावनी मां गंगा के जल कलशों के साथ शुक्रवार को रवाना हो गया।

आज सुबह जय श्री राम, हर-हर महादेव के जय घोष के साथ नागा संन्यासी श्री आनंद भैरव व हरिद्वार की अधिष्ठात्री देवी माया देवी की पूजा अर्चना कर अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय सचिव श्री महंत महेश पुरी, मुख्य पुजारी श्रीमहंत सुरेशानंद सरस्वती के नेतृत्व में हर की पैड़ी पहुंचे। यहां मां गंगा की पूजा अर्चना और दुग्ध अभिषेक कर पवित्र गंगाजल से कलश भरा। इसके साथ ही उत्तराखंड के समस्त तीर्थों से लाये जल से भरे कलश का भी पूजन किया गया। यहां से पवित्र कलशों को लेकर नागा संन्यासी दक्षेश्वर महादेव मंदिर कनखल पहुंचे तथा भगवान शिव का अभिषेक किया और अयोध्या में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होने की प्रार्थना की।

जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय सचिव महंत महेश पुरी ने बताया कि श्रीमंहत हरि गिरि महाराज के निर्देश पर इस बार उत्तराखंड की पवित्र छड़ी यात्रा के दौरान सभी तीर्थ और पवित्र नदियों का जल श्री राम लला के अभिषेक के लिए लाया गया है। उत्तराखंड की पवित्र नदियों का पवित्र जल तथा हरिद्वार से मां गंगा के जल से पूरित पावन कलश अयोध्या के लिए शुक्रवार को नागा संन्यासियों का दल लेकर रवाना हो गए हैं। उन्होंने बताया कि श्री महंत हरी गिरी महाराज ने रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए पूरे देश में स्थित जूना अखाड़े के मठ मंदिरों को फूलों में व दीपों से सजाने, विशेष पूजा अर्चना करने तथा विभिन्न धार्मिक समारोह आयोजित किए जाने के निर्देश दिए हैं। इन स्थानों पर लंगर भी आयोजित किया जा रहे हैं।

अयोध्या रवाना हुए नागा संन्यासियों के जत्थे में श्रीमंहत केदार पुरी, श्रीमंहत शैलेंद्र गिरी, श्री महंत मनोज गिरी, थानापति महंत महाकाल गिरि, महंत हीरा भारती, महंत भीष्म पुरी, महंत राजगीरी, महंत शिवनारायण गिरि, महंत रतन गिरी, महंत मुन्ना गिरी, महंत अरविंदानंद गिरि, महंत गंगा गिरि महंत रतन गिरी, महंत विक्रम गिरी, महंत शिवरात्रि गिरी तथा महंत रामानंद गिरी सहित कई अन्य महंत शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/वीरेन्द्र

   

सम्बंधित खबर