डेढ़ लाख से ज्यादा घरों तक पहुंचाया गया पूजित अक्षत सह निमंत्रण पत्र

पलामू, 12 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या से आए पूजित अक्षत सह निमंत्रण पत्र पलामू जिले में घर घर तक पहुंचाया जा रहा है। अभी तक आरएसएस, विश्व हिन्दू परिषद-बजरंग द्वारा जिले में डेढ़ लाख से ज्यादा परिवारों के साथ संपर्क साधा जा चुका है और पूजित अक्षत सह निमंत्रण पत्र पहुंचाया गया है।

शुक्रवार को जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में अभियान की शुरुआत श्री राम नगर से की गई। इस अभियान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख राजीव कुमार सिंह, विहिप के प्रांत सह मंत्री मनोज पोद्दार, संयोजक दीपक ठाकुर, जिला मंत्री दामोदर मिश्र, सह मंत्री अमित तिवारी, बजरंग दल संयोजक संदीप प्रसाद गुप्ता, जिला बलोपासना प्रमुख विकास कुमार कश्यप, नगर बजरंग दल संयोजक दिलीप गिरी, सुनील मिश्र एवं अन्य सम्मानित कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। घर घर पहुंचकर पूजित अक्षत सह निमंत्रण पत्र दिया गया।

संगठन में सराहनीय योगदान देने के लिए प्रांत बजरंग दल संयोजक ने वर्तमान नावा बाजार जिला पार्षद प्रतिनिधि को भगवा अंग वस्त्र देकर सम्मानित भी किया।

मौके पर जिला बजरंग दल संयोजक के साथ छतरपुर, पाटन, तरहसी, नीलांबर-पीतांबर पुर और पांकी प्रखंड में भी शुक्रवार को अभियान की समीक्षा करने और गति बढ़ाने के लिए दौरा किया। प्रांत टीम ने पलामू में चल रहे काम के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए सभी कार्यकर्ताओं से इसी मनोयोग से काम में लगे रहने के लिए अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर