झुंझुनू से किडनैप लड़की बोली मेरा अपहरण नहीं हुआ

झुंझुनू, 12 जनवरी (हि.स.)। झुंझुनू शहर में शुक्रवार सुबह रीको एरिया में स्थित अन्नपूर्णा रसोई में खाना बना रही लड़की के किडनैप की सूचना से हड़कंप मच गया था। शाम होते-होते मामले में नया मोड़ आ गया। लड़की घटना के कुछ घंटे बाद झुंझुनू के गुढ़ागौड़जी थाने पहुंची और अपहरण होने से इनकार कर दिया और कहा कि वह मर्जी से उन लोगों के साथ गई थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवती सुमन भाटी (22) पुत्री श्रवण कुमार बावरी नागौर के डीडवाना में चितावा थाना इलाके के परवेड़ी गांव की रहने वाली है। युवती ने गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस से कहा कि वह सुनील जांगिड़ नाम के युवक को पहले से जानती है। सुनील से वह दो महीने पहले शादी कर चुकी है। लड़की को अन्नपूर्णा रसोई से ले जाने वाले युवकों में सुनील जांगिड़ भी था।

जानकारी के अनुसार सुनील जांगिड़ झुंझुनू जिले के गुढ़ागौड़जी थाना इलाके के किशोरपुरा गांव का रहने वाला है। झुंझुनू में अन्नपूर्णा रसोई में खाना बनाने का काम करने से पहले सुमन जयपुर में एक निजी अस्पताल में नर्सिंग का काम करती थी। जयपुर में रहकर ही उसने नर्सिंग का कोर्स किया था। इस दौरान वह सुनील के संपर्क में आई थी।

सुमन के पिता श्रवण कुमार ने 25 नवंबर 2023 को चितावा थाना (डीडवाना) में अज्ञात के युवक के खिलाफ उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने सुमन को दस्तयाब कर पूछताछ की तो सामने आया कि सुमन अपनी मर्जी से सुनील के साथ गई थी। दोनों ने झुंझुनू कोर्ट में शादी कर ली है। सुमन ने सुनील की साथ रहने की इच्छा जताई तो पुलिस ने सुमन को सुनील के सुपुर्द कर दिया था। पुलिस जांच में सामने आया कि लड़की के साथ अन्नपूर्णा रसोई में काम करने वाली महिला सुमन देवी लड़की की रिश्तेदार है। उसी ने सुमन को रसोई में खाना बनाने के काम पर लगाया था और रिश्तेदार होने के नाते साथ ही रहती थी।

सुनील का रिश्तेदार महिला सुमन देवी के परिवार से जमीन विवाद चल रहा है। शुक्रवार को सुनील सुमन को अपने साथ ले जाना चाह रहा था, लेकिन रिश्तेदार महिला उसे जाने नहीं दे रही थी। ऐसे में सुनील अपने दोस्तों को लेकर रीको एरिया स्थित अन्नपूर्णा रसोई पहुंचा और सुमन को बोलेरो कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। सुमन को लेकर सुनील गुढ़ागौड़जी पहुंचा तो पता चला कि किडनैप का आरोप लगाया जा रहा है। इसके बाद वह सुमन को लेकर गुढ़ागौड़जी थाने पहुंच गया। दोनों के बयान लेने के बाद पुलिस ने उन्हें घर भेज दिया। इससे पहले इस घटना को लेकर दिनदहाड़े किडनैप होने की बात फैल गई। सूचना मिलने पर डीएसपी शंकरलाल छाबा और कोतवाल राम मनोहर ठोलिया पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचे। पूरे जिले में नाकाबंदी करवा दी गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार/ रमेश/संदीप

   

सम्बंधित खबर