स्वामी विवेकानंद जी ने विश्व मेंं भारत की गरिमा बढ़ाई: राज्यमंत्री अहिरवार

छतरपुर, 12 जनवरी (हि.स.)। स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिवस युवा दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को छतरपुर शहर के साथ शासकीय उत्कृष्ट उ.मा. विद्यालय क्रमांक 01 में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार के मुख्यातिथ्य में जिला स्तरीय सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं प्राणायाम कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, विधायक ललिता यादव, कलेक्टर संदीप जी.आर., जिला शिक्षा अधिकारी एम.के. कोटार्य, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुई। सामूहिक सूर्य नमस्कार के अवसर पर मध्यप्रदेश गान भी प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान जन गण मन हुआ।

राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ने विश्व में भारत की गरिमा बढ़ाई है। हमें उनके विचारों से प्रेरित होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। योग मानव स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। विवेकानंद जी की जयंती युवा दिवस पर सूर्य नमस्कार का अभ्यास कराया गया। साथ ही विभिन्न प्राणायाम का भी अभ्यास कराया जिनमें अनुलोम विलोम, भस्त्रिका एवं भ्रामरी प्राणायाम सम्मिलित रहे। सूर्य नमस्कार के अभ्यास से आयु प्रज्ञा अर्थात अच्छी बुद्धि बल वीर्य एवं तेज की प्राप्ति होती है शरीर एवं मन स्वस्थ रहता है।

हिन्दुस्थान समाचार/सौरभ भटनागर

   

सम्बंधित खबर