भारत जोड़ो न्याय यात्रा से पहले असम कांग्रेस के महासचिव का इस्तीफा

गुवाहाटी, 13 जनवरी (हि.स.)। मणिपुर से शुरू होने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा के शुरू होने से एक दिन पहले आज वरिष्ठ प्रवक्ता और असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) के महासचिव अपूर्व कुमार भट्टाचार्जी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस नेता ने अपना नाम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा असम प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य के रूप में सूचीबद्ध नहीं किए जाने के बाद यह निर्णय लिया।

अपना इस्तीफा देने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए भट्टाचार्जी ने कहा कि अपने राजनीतिक भविष्य के बारे में आश्वस्त न होने के बावजूद, उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ दी है। दिल्ली के नेताओं द्वारा प्रदर्शित रवैया अप्रत्याशित है। पार्टी के वर्तमान पतन के लिए दिल्लीवाला जिम्मेदार है। जब उन्हें असम प्रदेश चुनाव समिति से दूर रखा गया तो उन्होंने पार्टी से किनारा कर लिया। यदि वरिष्ठ सदस्य ऐसे माहौल में हैं, जहां उनका कोई सम्मान नहीं किया जाता है, तो उन्हें पार्टी छोड़ देनी चाहिए। इसीलिए उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया। चूंकि वे एक खिलाड़ी हैं, वे अलग-अलग मैदानों पर खेलेंगे।

भट्टाचार्जी ने यह भी दावा किया कि एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा का भविष्य खतरे में है, जिन्होंने राज्य में पार्टी के लिए बहुत कुछ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के प्रभारी दिल्ली में आलाकमान के पास भूपेन बोरा के खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर टिप्पणी करते हुए भट्टाचार्जी ने कहा कि पहले कांग्रेस पार्टी को पार्टी कार्यकर्ताओं को न्याय देने के बारे में सोचना चाहिए और फिर उन्हें यात्रा के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई जमीनी समर्थन नहीं है। यह विश्वास करना मूर्खता होगी कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा का पूर्वोत्तर या असम में कोई प्रभाव पड़ेगा।

सूत्रों के अनुसार, भट्टाचार्जी के अपनी पुरानी पार्टी असम गण परिषद (एजीपी) में शामिल होने की संभावना है। दूसरी ओर, पिछले विधानसभा चुनाव के कांग्रेस के दो अन्य नेता शंकर प्रसाद राय और कुलदीप बरुवा के भाजपा में शामिल होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/प्रभात

   

सम्बंधित खबर