मप्रः निमाड़ पीठ के जगतगुरु माउली सरकार को मिली जान से मारने की धमकी

खरगोन/भोपाल, 14 जनवरी (हि.स.)। निमाड़ पीठ के जगतगुरु रामानंदाचार्य राम राजेश्वराचार्य महाराज (माउली सरकार) को जान से मारने की धमकी मिली है। उनके महाराष्ट्र वाले आश्रम में धमकी भरा एक पत्र भेजा गया है, जिसमें लिखा है कि अयोध्या आते-जाते समय आपको मार दिया जाएगा। इसके बाद मामले की शिकायत बड़वाह पुलिस को की गई है। हालांकि, माउली सरकार अयोध्या जाने के अपने फैसले पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या हर हाल में जाऊंगा। माउली सरकार ने पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

उल्लेखनीय है कि रामानंदाचार्य राम राजेश्वराचार्य महाराज का निमाड़ पीठ का आश्रम जिले के बड़वाह में नर्मदा नदी के तट पर भी बना हुआ है। पता चला है कि धमकी भरा पत्र रुक्मिणी विदर्भ पीठ के आश्रम में भेजा गया है। यह पीठ महाराष्ट्र के कोंडन्यपुर में है। पत्र में लिखा गया है कि रामानंदाचार्य राम राजेश्वराचार्य महाराज अपने बयानों में आदिवासियों के साथ ही हिंदू समाज, धर्म और राष्ट्र जागरण की बात कर रहे हैं। इसके साथ ही वे उकसाने का काम भी कर रहे हैं। पत्र भेजने वाले ने यह भी लिखा है कि आपका अंत आज नहीं तो कल है। इसके साथ ही जान से मारने की बात भी धमकी भी दी गई है।

रामानंदाचार्य राम राजेश्वराचार्य महाराज के मुताबिक धमकी भरा पत्र शुक्रवार शाम करीब पांच बजे गादी स्थान पर आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश पाटिल को मिला है। इसके बाद इस मामले में आश्रम ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। धमकी से बड़वाह के श्रद्धालुओं में आक्रोश है। आश्रम से जुड़े श्रद्धालु सचिन शर्मा, सुरेंद्र पंडया, देवेंद्र शर्मा आदि ने कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पत्र मिलने के बाद रामानंदाचार्य राम राजेश्वराचार्य महाराज यानि माउली सरकार ने कहा कि वे धमकियों से नहीं डरते। एक संत का जीवन राष्ट्र और धर्म के लिए समर्पित है। वे भी एक संत के रूप में धर्म और राष्ट्र जागरण के महती कार्य में अपने पूरे सामर्थ्य के साथ जुटे रहेंगे। वे अवश्य अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर