राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले बीकानेर भाजपा चलाएगी मंदिरों में स्वच्छता अभियान

बीकानेर, 15 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर का उद्घाटन होना है इससे पहले बीकानेर भाजपा की ओर से बीकानेर में मंदिरों की सफाई के लिए स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

भाजपा शहर जिला उपाध्यक्ष आनंद सिंह भाटी की अध्यक्षता में आज शहर जिला कार्यालय में भाजपा जिला पदाधिकारियों, मंडल व मोर्चा अध्यक्षों की बैठक में हुई जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर मंडल स्तर पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले सफाई अभियान चलाया जाएगा। भाटी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 22 जनवरी को बीकानेर जिले के हर घर में श्रीराम ज्योति जलाई जाएगी मंदिरों में दीपोत्सव और भजन-कीर्तन के साथ ही अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण देखा जाएगा जिसके लिए मंदिरों में एलईडी लगवाई जाएगी और भाजपा कार्यकर्ता घर घर जाकर पीले चावल देकर निमंत्रण देंगे। इस कार्यक्रम का संयोजक उपाध्यक्ष विजय उपाध्याय को बनाया गया है। आज की बैठक में महामंत्री मोहन सुराणा, नरेश नायक, श्याम सुंदर चौधरी, उपाध्यक्ष बाबूलाल गहलोत, हनुमान सिंह चावड़ा, विजय उपाध्याय, दीपक पारीक, मंत्री संगीलाल गहलोत व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/संदीप

   

सम्बंधित खबर