सुशील मोदी ने कहा, गठबंधन में सब-कुछ ठीक नहीं

पटना, 16 जनवरी (हि.स.)। बिहार सरकार के गठबंधन में सब-कुछ ठीक नहीं है। ऐसा दावा किया है पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने। उन्होंने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि नीतीश कुमार इस बार मकर संक्रांति पर लालू-राबड़ी आवास गए लेकिन वहां केवल सात मिनट रुके। लालू प्रसाद ने उनसे दूरी बनायी और दही का टीका भी नहीं लगाया। दोनों दलों के बीच सब-कुछ ठीक नहीं है। डील की कील चुभने लगी है।

उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार 78 विधायकों की पार्टी राजद की कृपा पर मुख्यमंत्री हैं और लालू प्रसाद जब चाहें उन्हें हटा कर बेटे तेजस्वी को मुख्यमंत्री बना सकते हैं। दोनों के बीच डील भी यही हुई थी। ऐसे में कार्यकर्ताओं का मनोबल न टूटे, इसलिए जदयू के मंत्री नीतीश कुमार को बिहार का भविष्य बता रहे हैं जबकि स्वयं मुख्यमंत्री बिहार का भविष्य (उत्तराधिकारी) तेजस्वी यादव को बता चुके हैं।

मोदी ने कहा कि 2020 में नीतीश कुमार 75 विधायकों वाली भाजपा की कृपा से मुख्यमंत्री बने थे जबकि उनकी पार्टी के पास सिर्फ 44 विधायक थे। वे पहली बार 2001 में भी 67 विधायकों वाली भाजपा की कृपा से मुख्यमंत्री बने थे। उस समय उनकी पार्टी के 37 विधायक थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/चंद्र प्रकाश

   

सम्बंधित खबर