प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 55वीं पुण्य स्मृति विश्व शान्ति दिवस के रूप में आयोजित

सहरसा-प्रजापिता ब्रह्मा

सहरसा,18 जनवरी (हि.स.)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बनगांव रोड स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र शान्ति अनुभूति भवन में गुरुवार को संस्थान के फाउंडिंग फादर प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 55वीं पुण्य-स्मृति विश्व शान्ति दिवस के रूप में मनाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवाकेंद्र प्रभारी बीके स्नेहा बहन ने कहा कि ब्रह्मा बाबा का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या और सेवा की जीती जागती मिसाल था। स्वयं निराकार परमपिता परमात्मा शिव ने उनके साकार तन का आधार लेकर 88 वर्ष पूर्व विश्व शान्ति की अलख जगाई और विश्व शान्ति स्थापना हेतु संस्थान की आधारशिला रखी। जो आज विशाल वटवृक्ष बनकर विश्व के 140 देशों में 8500 सेवाकेंद्रों के द्वारा सारी मानव जाति को शान्ति का संदेश देने का काम कर रहा है।

उन्होंने कहा स्वयं के सत्य स्वरूप को जाने और अनुभव किये बगैर सच्ची शान्ति का अनुभव नहीं हो सकता। ऐसी शान्ति का अनुभव कर हम अनेक प्रकार की समस्याओं से स्वयं को बचा सकते हैं और समस्याओं का सहज समाधान करने में सक्षम हो सकते हैं। ब्रह्मा बाबा शान्ति की शक्ति के आधार से अनेकों के प्रेरणास्रोत बने और आज संस्थान के लाखों भाई-बहन उनके पदचिन्हों पर चलकर सच्चे-सच्चे शान्तिदूत बन समाज को दुःख-अशान्ति, चिंता-भय आदि अनेक नकारात्मक भावों से मुक्त करने का भागीरथ कार्य कर रहे हैं।सभी ने ब्रह्मा बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/चंदा

   

सम्बंधित खबर