विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदेशवासियों के लिए साबित हो रही मील का पत्थरः मुख्यमंत्री

जयपुर, 18 जनवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा प्रदेशवासियों के लिए मील का पत्थर साबित हो रही है। अब तक प्रदेश में 10 हजार 377 स्थानों को यात्रा के तहत कवर किया जा चुका है। अब तक इन शिविरों में करीब 2 करोड़ 43 लाख से अधिक लोग हिस्सा ले चुके हैं और इस मामले में हम देश भर में पहले स्थान पर है।

यह बात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को विधायक दल की प्रथम बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में 9 लाख 70 हजार से अधिक किसान भाइयों तक किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ पहुंचाया गया है और विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविरों के माध्यम से देश भर में इस योजना में लाभ पहुंचाने में प्रदेश पहले स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने विधायक दल की बैठक में प्रदेश की जनता एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार से जनता की आशाएं उम्मीदें बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि हमारा आचरण एवं व्यवहार भाजपा के संस्कार के अनुरूप होना चाहिए। सभी विधायकगण विधानसभा के दौरान अपनी पूर्ण उपस्थिति का विशेष ध्यान रखें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार बने विधायक विशेष रूप से ध्यान दें कि यह सीखने, समझने का अवसर है। जब तक सदन चले ज्यादा से ज्यादा उपस्थिति सदन में रहनी चाहिए क्योंकि सदन लोकतंत्र का मंदिर है। सभी विधायकों के लगे हुए सवालों पर मंत्रीगण पूरी तैयारी के साथ आएं और उसका विधायक सदस्य को समुचित जवाब मिलना चाहिए। जिन विधायकों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं के लिए सवाल लगाए हैं उसमें पूरी तैयारी के साथ विधानसभा में रहें।

शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक संस्कारवान राष्ट्रवादी विचारधारा को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है इसलिए सदन में सत्तापक्ष की एकजुटता दिखनी चाहिए क्योंकि सम्पूर्ण प्रदेश हम सभी को देख रहा होगा। अभिभाषण पर जो भी विधायक सदस्य सत्तापक्ष की ओर से अपनी बात रखेगा उसकी पूरी तैयारी होनी चाहिए। आपको बताकर मुझे खुशी होगी कि आज कैबिनेट की बैठक में आपणो अग्रणी संकल्प पत्र को नीतिगत दस्तावेज बनाने की घोषणा की है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने एक महीने में अपने कई संकल्पों को पूर्ण किया है, जिसकी चर्चा प्रत्येक ढाणी, प्रत्येक गांव में हो ऐसा प्रयास सभी सदस्यों को करना है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि विकसित भारत संकल्प के तहत अब तक जनकल्याण की योजनाओं के तहत प्रगति हुई है। जिसमें 450 रुपये में गैस सिलेंडर, पेपरलीक जांच के लिए एसआईटी, संगठित अपराध उन्मूलन हेतु एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, श्री अन्नपूर्णा रसोई योजना, केंद्रीय जांच ब्यूरो को अनुसंधान हेतु सामान्य सहमति, पूर्ववर्ती राज्य सरकार द्वारा विगत 6 माह में लिए गए निर्णयों की समीक्षा होगी। इसके अलावा लोकतंत्र सेनानी, मीसा बंदियों की पेंशन बहाल की गई, अवैध खनन के खिलाफ सघन अभियान, पीएम उज्ज्वला योजना पंजीकरण में पहले स्थान पर, मेरी कहानी मेरी जुबानी श्रेणी में राज्य पहले स्थान पर है वहीं विकसित भारत संकल्प में पहले स्थान पर रहे।

इन शिविरों के माध्यम से लगाए जा रहे स्वास्थ्य शिविरों से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिल रहा है। इन स्वास्थ्य शिविरों में करीब 1 करोड़ 55 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। स्वास्थ्य जांच में हम देश में पहले स्थान पर है। 1 करोड़ 14 लाख से अधिक लोगों की टीबी जांच की गई। इस मामले में देश में पहला स्थान।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना में 2 लाख 66 हजार से अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है। इस मामले में राजस्थान देश में पहले स्थान पर है। पीएम सुरक्षा बीमा योजना में करीब 4 लाख 85 हजार लोगों को लाभान्वित किया गया है। इस मामले में राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में श्री रामलीला प्राण प्रतिष्ठा समारोह हो रहा है। राम हमारे रोम-रोम में है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने दया, करूणा, सत्य, सदाचार व धर्म के मार्ग पर चलते हुए राज किया था इसलिए उन्हें आदर्श पुरुष भी कहा जाता है। लाखों लोगों के बलिदान के बाद ये शुभ घड़ी आई है। प्रधानमंत्री मोदी जी के अथक प्रयासों के बाद भगवान रामलला अपने घर पधार रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/आकाश

   

सम्बंधित खबर