कुख्यात चांद मियां गिरफ्तार

भागलपुर, 19 जनवरी (हि.स.)। भागलपुर के सिटी एसपी अमित रंजन ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि नाथनगर थाना क्षेत्र के मोमिन टोला में बीते तीन दिसंबर को राशन डीलर मो. सोहराब को गोली मारने के आरोप में मो. चांद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

सिटी एसपी ने बताया कि बीते 08 दिसंबर को सुबह टहलने निकलने राशन डीलर मो. सोहराब को कुख्यात चांद मियां ने गोली मारकर जख्मी कर दिया था। इस कांड में चांद मियां लगभग एक महीने से फरार चल रहा था। इस संबंध में नाथनगर थाना में कांड दर्ज किया गया था। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निगरानी तथा पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

तकनीकी अनुसंधान की सहायता से मो० चांद को नाथनगर रेलवे स्टेशन से फिल्मी अंदाज में पुलिस ने गिरफ्तार किया। मो० चाँद ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की तथा अन्य बिन्दुओं पर अनुसंधान जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक अपराध की घटना को अंजाम देकर चांद मियां पंजाब भाग गया था। तकनीकी अनुसंधान में पुलिस को जानकारी मिली की अपराधी पंजाब में छिपकर रह रहा है।

पुलिस को जानकारी मिली की चांद मियां पंजाब से अपने घर भागलपुर आने की तैयारी में है। बरौनी स्टेशन पर नाथनगर इंस्पेक्टर पहुंचे और आरोपित अपराधी के साथ सादे लिबास में भागलपुर स्टेशन तक आए और यहां गिरफ्तार कर थाना लाया।

हिन्दुस्थान समाचार/बिजय/चंदा

   

सम्बंधित खबर