राम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा : लोगों ने छाया उत्साह, प्रधानमंत्री के आह्वान पर मंदिरों में स्वच्छता अभियान

जोधपुर, 20 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे शहर में उत्साह है। इस दिन सभी मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इसके लिए मंदिरों व चौराहों पर आकर्षक सजावट होने लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिन तक मंदिरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के आह्वान के बाद आज शहर के कई मंदिरों में साफसफाई अभियान चलाया गया।

शहर विधायक अतुल भंसाली के साथ में भाजपाई और रामभक्तों की तरफ से कई मंदिरों में सुबह से ही सफाई अभियान चलाया गया। मंदिरों को अब आकर्षक फूलमंडली, रोशनी से तैयार करवाया जा रहा है। शहर के ज्यादातर मंदिरों में सजावट होने लगी है।

शहर के भीतरी मार्गों में रोशनी से जगमगाहट देखने को नजर आ रही है। मंदिरों में उत्सव का माहौल बना हुआ है। अयोध्या में भगवान श्रीराम मन्दिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को दीपावली के रूप में मनाने के लिए हिन्दू सेवा मण्डल जोधपुर की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन 22 जनवरी को घंटाघर प्रांगण में किया जाएगा।

भगवान श्रीराम के समक्ष 1111 दीपक से महाआरती की जाएगी। रात्रि के समय संगीतमय सुंदर पाठ का आयोजित होगा। वहीं 251 किलो बूंदी के लड्डू का भगवान को भोग लगाकर आम जन को प्रसाद वितरण किए जाने के साथ भव्य आतिशबाजी की जाएगी।

रातानाडा स्थित श्री कृष्ण मंदिर में पुजारी हरिभाई गोस्वामी के सानिध्य में एवं श्री कृष्ण मंदिर ट्रस्ट व महिला मंडली के सौजन्य से दो दिवसीय श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन होगा जिसमें मंदिर परिसर में रंगोली एवं 5100 दीपक लगाए जाएंगे।

मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष इंद्रसिंह सांखला बताया कि महिला मंडली द्वारा 21 जनवरी को दोपहर एक बजे रंगोली व बधावा गीतों का आयोजन होगा। पूर्व संध्या पर शाम को 5100 दीपक लगाकर रोशनी की जाएगी। महिला मंडली अध्यक्ष शारदा चौधरी ने बताया कि 21 जनवरी को शाम 4.30 बजे गाजे बाजे एवं डीजे के साथ सुभाष चौक, लोको रोड़, पुलिस लाइन, शिव मंदिर, भास्कर चौराहा तक शोभायात्रा निकाली जाएगी।

22 जनवरी को सुबह 8 बजे श्री राम झांकी दर्शन (दिनभर), 10 बजे भगवा ध्वज फहराया जाएगा व रामजोत प्रज्वलित की जाएगी। शाम 6 बजे 5100 दीपक द्वारा दीपोत्सव एवं दीपावली मनाई जाएगी। रात 8 बजे सुंदरकाण्ड का पाठ होगा। विशेष आयोजन के तहत दीपमाला, रोशनी, फूलमंडली, गेट तोरण, बंदनवाल द्वारा सजावट के साथ श्री राम झांकी सजाई जायेगी।

वहीं गोल बिल्डिंग स्थित जबरेश्वर महादेव मंदिर में भी प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। यहां मन्दिर परिसर को रंग बिरंगी रोशनी से सजाकर दीपोत्सव मनाया गया। जबरेश्वर महादेव मन्दिर महिला सत्संग मण्डल की ओर से 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के दिन भजन संध्या के आयोजन के साथ श्रीराम के जीवन चरित्र से जुड़ी संजीव झांकियां सजाई जाएगी। इस दिन मन्दिर परिसर में 151 दीपक जला कर दीपावली उत्सव भी मनाया जाएगा।

यहां भी होंगे आयोजन :

दाधीच नगर व महावीर नगर मोहल्लावासियो द्वारा रविवार को शाम 7 बजे से महामंदिर तीसरी पोल के बाहर, दाधीच नगर महावीर नगर बड़ला रोड स्थित पीपल के पास एक शाम प्रभु श्रीराम के नाम भजन रस सरिता का आयोजन होगा। श्री राम भक्त मण्डल के कार्यक्रम संयोजक आसुलाल दैया ने बताया कि संत बाल गोपाल महाराज के द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।

पूज्य सिन्धी पंचायत शक्तिनगर के अध्यक्ष लखमीचंद किशनानी, सचिव गोपी भाई जनवानी, कोषाध्यक्ष तीरथ डोडवानी ने बताया कि पंचायत के तत्वावधान में सोमवार को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा पर्व के उपलक्ष्य में शाम 6 से रात 8 बजे तक पूज्य झूलेलाल सिन्धी धर्मशाला शक्ति नगर जोधपुर में सुंदर कांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद प्रसादी की जाएगी।

मारवाड़ अखाड़ा महासंघ जोधपुर द्वारा अन्य अखाड़ों के साथ विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों के साथ श्रीराम राष्ट्रोत्सव वाहन रैली नागोरी गेट चौराहे से 22 जनवरी को सुबह 10.30 बजे निकाली जाएगी जो महामन्दिर चौराहा, पावटा चौराहा, सोजती गेट चौराहा, जालोरी गेट चौराहा, खाण्डाफलसा, आडा बाजार, घण्टाघर, हाथीराम का ओडा, नागोरी गेट के अन्दर होते हुए वापस नागोरी गेट चौराहे पर पहुंचकर समाप्त होगी।

मदेरणा कॉलोनी स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर में 22 जनवरी को उत्सव का आयोजन होगा। जितेंद्र पाटोदिया ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन मंदिर में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर अयोध्या में होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा। शाम को हजारों दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप

   

सम्बंधित खबर