मल्हारगढ़ में 12 करोड़ की लागत से होगा भवानी माता मंदिर का पुनर्निर्माण : उप मुख्यमंत्री देवड़ा

- उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने की राम, सीता, लक्ष्मण की मूर्ति स्थापना

भोपाल, 22 जनवरी (हि.स.) । उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर मल्हारगढ़ में भवानी माता मंदिर में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री ने राम जन्मभूमि में योगदान करने वाले कार सेवकों का सम्मान किया। छोटे-छोटे बच्चों ने रामचरित मानस के भजनों पर नृत्य प्रस्तुत किया गया।

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि मल्हारगढ़ में स्थित भवानी माता मंदिर का पुनर्निर्माण 12 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा। इस मंदिर को पुनः भव्य किले का रूप प्रदान किया जाएगा। हम सभी में अपार उत्साह है। मन बहुत भावुक है। गली-गली में राम के भजन चल रहे हैं। मंदिर भव्य बनाएंगे। यह बात आज सार्थक हो गई। भगवान श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। देवड़ा ने प्रदेशवासियों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं दी।

उप मुख्यमंत्री ने मल्हारगढ़ में ही श्रीराम मंदिर पर राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्ति की स्थापना की। श्रीराम मंदिर पर ही अयोध्या से प्रसारित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। उप मुख्यमंत्री ने थड़ोद फंटे पर स्थित बालाजी मंदिर पहुंचकर भगवान बालाजी के दर्शन किए एवं सभी के लिए सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा की यह प्रगति और परंपरा का उत्सव है। इसमें विकास की भव्यता और विरासत की दिव्यता है। यही भव्यता और दिव्यता हमें प्रगति पथ पर आगे ले जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / उमेद

   

सम्बंधित खबर