पटना के 201 मंदिरों में एक साथ दीपोत्सव

-‘लगे कुटिया भी दुल्हन सी, अवध में राम आए हैं’...भजनों से भक्ति रस में डूबते-उतराते रहे लोग

-खाजपुरा का शिव मंदिर रहा आकर्षण का केंद्र

पटना, 22 जनवरी (हि.स.)। श्री श्री महाशिवरात्रि महोत्सव शोभायात्रा अभिनंदन समिति के तत्वावधान में सोमवार को राजधानी के 201 मंदिरों में भजन-कीर्तन और एक साथ एक समय दीपोत्सव का आयोजन किया गया।

दीपोत्सव का मुख्य कार्यक्रम खाजपुरा स्थित शिव मंदिर में हुआ जहां समिति के संरक्षक सह विधायक डॉ संजीव चौरसिया की अगुआई में सैकड़ों रामभक्तों ने शाम 6 बजे दीप जलाकर प्रभु राम का अभिनंदन किया। बेली रोड फ्लाईओवर के नीचे जय श्री राम का नारा लिखकर उसे दीयों से सजाया गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने शिव मंदिर में दीपोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। टेंट से रामलला को भव्य मंदिर में लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

वर्चुअल जूम ऐप के जरिये केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मंदिर निर्माण की नींव की पहली ईंट रखने वाले कामेश्वर चौपाल व देश-विदेश से लोग भी दीपोत्सव के साक्षी बने।

51 मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण

इससे पहले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का हिस्सा बनने के लिए लोगों में जबर्दस्त उत्साह दिखा। ठंड की परवाह किए बगैर लोग सुबह से देर शाम तक मंदिर परिसर में जुटे रहे। खाजपुरा शिव मंदिर के अलावा 50 मंदिरों में अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा समारोह का एलईडी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया गया। प्राण प्रतिष्ठा देख रहीं कई महिलाएं भावुक हो गईं। एक ओर कलाकारों की टोली...‘लगे कुटिया भी दुल्हन सी, अवध में राम आए हैं’...जैसे भजनों से लोगों को भक्ति के रस में सराबोर कर रही थी तो दूसरी ओर रामभक्तों के जयकारे से पूरा वातावरण राममय नजर आ रहा था।

101 मंदिरों में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ

उधर, नेपालीनगर के मनसा पूरण हनुमान मंदिर से राजवंशीनगर हनुमान मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। समिति के सदस्यों की ओर से 101 मंदिरों में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। पाटलीपुत्र चौराहा स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर समेत 90 मंदिरों पर दोपहर 1 बजे से भजन-कीर्तन और 25 मंदिरों पर अष्टयाम का आयोजन किया गया। अदालतगंज मंदिर समेत 30 मंदिरों पर भंडारा का आयोजन और 50 मंदिरों पर भोग प्रसाद का वितरण किया गया। दीपोत्सव के समय सभी 201 मंदिर जूम ऐप से जुड़े रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अभिनंदन समिति से जुड़े प्रभात सिन्हा, विवेक सिन्हा, जयप्रकाश (पुनील जी), पंकज कुमार, अवधेश, गुंजन सिंह राजपूत, शेखर सिंह का योगदान भी सराहनीय रहा

हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द

   

सम्बंधित खबर