गणतंत्र दिवसः कर्तव्य पथ पर मध्यप्रदेश की झांकी में दिखी समृद्धि और महिला सशक्तिकरण की झलक

गणतंत्र दिवसः कर्तव्य पथ पर मध्यप्रदेश की झांकी में दिखी समृद्धि और महिला सशक्तिकरण की झलक

भोपाल, 26 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस के मौके पर नई दिल्ली में कर्तव्य पथ पर शुक्रवार को परेड के साथ-साथ विभिन्न राज्यों की झांकियां भी निकाली गई। इसमें ‘’विकास का मूल मंत्र - आत्मनिर्भर नारी’’ पर केंद्रित मध्यप्रदेश की झांकी में प्रदेश की समृद्धि, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण की झलक देखने को मिली। इसके साथ ही चंदेरी के रेशम की झलक दिखाई गई। साथ ही मिलेट्स एंबेसडर लहरी बाई का नाम भी झांकी में प्रस्तुत किया गया।

कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के दौरान राज्यों की नयनाभिराम झांकियां निकलीं। मध्यप्रदेश की झांकी आत्मनिर्भर और प्रगतिशील नारीशक्ति पर केंद्रित रही। आधुनिक सेवा क्षेत्र, लघु उद्योग और पारंपरिक क्षेत्र में समान रूप से सक्रिय प्रदेश की महिलाओं की उन्नति को इस झांकी में दर्शाया गया है। झांकी में खेत-खलिहान से लेकर एयरफोर्स में प्रदेश की नारियों की सशक्त सहभागिता का प्रदर्शन किया गया है। झांकी के अग्रभाग में भारतीय वायुसेना की प्रथम महिला फाइटर पायलट रीवा जिले की अवनी चतुर्वेदी मिग बाइसन लड़ाकू विमान के साथ दिखाई गई। अग्रभाग के निचले हिस्से में गोंड चित्रकारी प्रदर्शित की गई है।

वहीं, झांकी के मध्य भाग में महिला कलाकार मटके पर चित्रकारी का सजीव प्रदर्शन कर रही है। चंदेरी के बादल महल गेट की पृष्ठभूमि में बुनकर महिलाएं चंदेरी, महेश्वरी और बाघ प्रिंट साड़ियों का विक्रय के लिए प्रदर्शन करती दिखाई दीं। मध्य भाग के निचले हिस्से में पद्मश्री से सम्मानित दुर्गाबाई की गोंड भित्ति चित्रकारी और साथ में स्टोन कार्विंग करते हुए महिला कलाकार दिखाई दी। झांकी के पृष्ठ भाग में मिलेट वूमन ऑफ़ इंडिया के बैनर के नीचे बांस टोकनियों में रखे विभिन्न प्रकार के श्रीअन्न के साथ डिंडोरी जिले की लहरी बाई की प्रतिकृति दिखाई गई है। इसके निचले हिस्से में विभिन्न श्रीअन्न से निर्मित भित्ति चित्र दिखाए गए हैं। झांकी के साथ विकसित-सक्षम-सशक्त-समृद्ध, हमारा प्यारा मध्यप्रदेश की धुन पर महिला कलाकारों का समूह मालवा अंचल का मटकी लोक नृत्य करता दर्शाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / उमेद

   

सम्बंधित खबर