पद्म पुरस्कारों की घोषणा के बाद जगदीश त्रिवेदी बोले- अब तक के जीवन का सर्वश्रेष्ठ समाचार मिला

सूरत, 26 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित किए गए पद्म पुरस्कारों की सूची में गुजरात के छह लोगों के भी नाम हैं। गुजरात के इन छह लोगों में से एक को पद्म विभूषण और पांच को पद्मश्री से अलंकृत किया जाएगा।

गुजरात के हास्य कलाकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता जगदीश त्रिवेदी को पद्मश्री से अलंकृत किया जाएगा। जगदीश त्रिवेदी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 57 वर्ष के जीवन का सर्वश्रेष्ठ समाचार प्राप्त हुआ है। राष्ट्रपति की ओर से उन्हें पद्मश्री पुरस्कार की घोषणा की गई। सभी के प्रेम और आशीर्वाद ने उन्हें यहां तक पहुंचाया है।

समाज सेवा के क्षेत्र में गुजरात के हास्य कलाकार जगदीश त्रिवेदी का बड़ा नाम है। कुछ समय पहले अपने मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जगदीश त्रिवेदी का जिक्र कर उनकी सराहना की थी। त्रिवेदी ने वर्ष 2017 से अभी तक अपने कार्यक्रमों के जरिए प्राप्त धन सामाजिक कार्यों के लिए दे दिया है। सुरेन्द्रनगर जिले के रहने वाले जगदीश त्रिवेदी गुजरात के प्रख्यात हास्य कलाकार हैं। पिछले 6 साल के दौरान उन्होंने स्कूलों और लाइब्रेरियों के लिए कुल 8.75 करोड़ रुपये दान में दिए हैं। जगदीश त्रिवेदी पिछले करीब 3 दशक से हास्य कार्यक्रम कर रहे हैं। इसके अलावा त्रिवेदी वर्ष 2017 से अभी तक गांवों के 11 सरकारी स्कूलों, 7 लाइब्रेरी के मरम्मत कार्य और स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न कार्यों के पीछे अपनी कमाई के रुपये खर्च कर चुके हैं। जगदीश त्रिवेदी 28 देशों में 3 हजार से अधिक कार्यक्रम कर चुके हैं। इन्होंने 72 पुस्तकें भी लिखी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ बिनोद/पवन

   

सम्बंधित खबर