दो पूर्व विधायकों समेत कई नेता व कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

भाजपा में शामिल हुए

अहमदाबाद, 29 जनवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव से पूर्व दूसरे दलों के नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व विधायक चिराग कालरिया सोमवार को भाजपा में शामिल हो गए। वहीं, बालकृष्ण पटेल और कई अन्य जिला पंचायत और तहसील पंचायत स्तर के नेता भाजपा में शामिल हुए। गांधीनगर कोबा स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय कमलम में प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने सभी को केसरिया खेस पहना कर स्वागत किया।

पूर्व विधायक बालकृष्ण पटेल भाजपा में शामिल हो गए हैं। डभोई के पूर्व विधायक रहे पटेल की यह घर वापसी है। वर्ष 2022 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने पार्टी छोड़ी थी। शैलेश मेहता के विरुद्ध चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वे वर्ष 2012 में विधायक थे। इसके अलावा जाम जोधपुर से कांग्रेस के पूर्व विधायक चिराग कालरिया भाजपा में शामिल हो गए। कारलिया वर्ष 2022 के चुनाव में हार गए थे। कस्टम अधिकारी रमेश चौहाण भी भाजपा में शामिल हुए। रमेश चौहाण ने वीआरएस लिया है। इनके अलावा अहमदाबाद के बलवंतसिंह गढवी, कांग्रेस ओबीसी सेल के चेयरमैन घनश्याम गढवी और कांग्रेस के प्रवक्ता संजय गढवी भी कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए।

इससे पहले उत्तर गुजरात में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा था। कांग्रेस के पाटीदार नेता और साबर डेयरी के निदेशक डॉ. विपुल पटेल केसरिया धारण किए थे। कुछ दिन पहले वलसाड तहसील पंचायत के अटगाम, पारडी तहसील पंचायत की उमरसाडी सीट के कांग्रेस सदस्य समेत एससी मोर्चा के कार्यकारी प्रमुख कपराडा तहसील पंचायत के पूर्व प्रमुख कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए थे।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर