मुख्यमंत्री की बड़ी घोषणाएं : पाक विस्थापितों को आवास और अन्य सुविधाएं, पीएम किसान सम्मान निधि अब आठ हजार रुपये

जयपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को चार बड़ी घोषणाएं की हैं। राज्य सरकार ने किसानों को दी जाने वाली पीएम किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, गेहूं पर बोनस में बढ़ोतरी और पाक विस्थापितों आवास एवं अन्य सुविधाएं देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष के हमलों का तीखा जवाब देते हुए कहा कि हमारी सरकार न पर्ची की है न ही खर्ची की। यह सरकार धरती की है। धरती पुत्रों की हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने सदन में दो घंटे आठ मिनट लगातार अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री के जवाब के बाद विधानसभा की कार्यवाही आठ फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि किसानों को दी जाने वाली पीएम सम्मान निधि के तहत अब किसानों को हर साल आठ हजार रुपए मिलेंगे। पहले छह हजार रुपए मिलते थे। इससे सरकार पर 1300 करोड़ रुपए का भार आएगा। वहीं गेहूं की फसल पर किसानों को 125 रुपए क्विटंल ज्यादा मिलेंगे। गेहूं की फसल पर बोनस सहित 2275 रुपए मिलते थे, अब 2400 रुपए प्रति क्विंटल मिलेंगे। इसे चरणबद्ध तरीके से 2700 रुपये प्रति क्विंटल तक किया जाएगा। वहीं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन में भी सरकार ने 150 रुपए की बढ़ोतरी कर दी है। विधवा, बुजुर्गों और परित्यक्ताओं को अब हर महीने 1150 रुपए मिलेंगे। इससे सरकार पर 1800 करोड़ रुपए का बोझ बढ़ेगा। वहीं पाक से विस्ताथपित परिवारों को आवास व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने अलग से योजना लाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के शिक्षित युवाओं को सूर्य मित्र और वायु मित्र अभियान चलाकर प्रशिक्षित किया जाएगा। जिससे उन्हें रोजगार भी मिलेगा और नवीन ऊर्जा का विकास भी हो सकेगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने पिछली कांग्रेस सरकार में हुए भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार में आमजन का कोई भी काम बिना सेवा-पानी और खर्ची के नहीं होता था। खर्ची होती थी, इनके यहां प्रीपेड सेवा शुरू हो गई थी। मोबाइल में तो देखा था। इतना डला दो, इतना काम हो जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र से आया पैसा भी आपने विकास में काम में नहीं लिया। लिया तो कहां लिया, जिसकी जांचें चल रही है। ईडी घूम रही है। देख रहे हैं, किस तरह की भ्रष्टाचार की कहानी कहते हैं। राजस्थान जैसा भ्रष्टाचार किसी भी प्रदेश में नहीं हुआ।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की जनता ने हम सबको इस पवित्र मंदिर में भेजा है, इसका एक एक मिनट कीमती है। हमारे प्रधानमंत्री भी कहते हैं कि विकसित भारत की संकल्पना राम से राष्ट्र और देव से देश के चिंतन का विस्तार है। हमारे संविधान के निर्माता अंबेडकर ने संविधान की मूल प्रति के भाग तीन में भगवान राम, सीता और लक्ष्मण का भी चित्रण है। पीएम का आभार प्रकट करना चाहता हूं जिन्होंने 500 साल की सनातन की प्रतिक्षा के बाद पूरा किया। ऐसे दुर्लभ क्षण भी आते हैं। जब सदियों का इतिहास सेकेंड में सिमट जाता है। अयोध्या में 22 जनवरी को ऐसा ही मौका आया, जब 500 साल का इतिहास 84 सेकेंड में सिमट गया।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस विधायक डोटासरा पर चुटकी लेते हुए कहा कि मेरे पास खेत है, आपके पास फार्म हाउस। आप बात ही कर सकते हो, काम वो कर सकता है, जिसकी पैर की बिवाई (एड़ी) फटी हो। मैंने हल भी चलाया है। इसलिए मैं समझौता कच्चा नहीं करता हूं क्योंकि मैं किसान के दर्द को भी जानता हूं। आप को मजाक लग रहा होगा डोटासरा जी। आपके यहां तो नौकर लगे होंगे। हम तो खुद ही नौकर है। आपने इसी तरह से गरीब का मजाक उड़ाया है, इसलिए आपकी यह स्थिति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपरलीक के सरगनाओं को सामने लाने में पिछली सरकार विफल रही। अब युवाओं के साथ धोखा कभी बर्दाश्त नहीं होगा। आरपीएससी के मेंबर पेपर चोरी करते पकड़े गए। पेपरलीक के मामलों में युवाओं को आत्मदाह करने को मजबूर कर दिया। कई सदस्य तो ऐसे हैं, जिन्होंने खुद ने तो कुछ काम नहीं किया। वो अपने पिता और पूर्वजों की खा रहे हैं लेकिन बात बड़ी-बड़ी करते हैं, इसलिए एक ही परिवार के तीन-तीन, चार-चार सदस्य आरएएस सिलेक्ट हो रहे थे। वो कौनसी चक्की का आटा खाते हैं, कहां का पानी पीते थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर/प्रभात

   

सम्बंधित खबर